दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) संस्थापक अभिजीत दिपके को IGI एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया है. अभिजीत दिपके के अलावा सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस अधिकारियों के विमान में दाखिल होते ही अंदर हंगामे की स्थिति बन गई. पुलिस और सीजेपी नेताओं के बीच बातचीत हुई और इसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया.
पुलिस के जवान जैसे ही विमान में पहुंचे, अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका समझ गए थे कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने आई है. अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस ने कहा, 'मैं यहां गिरफ्तार होने ही आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए.'
कृपया सहयोग करें: दिल्ली पुलिस
वहीं, दिल्ली पुलिस के जवानों ने उनसे कहा, 'नहीं यह गिरफ्तारी नहीं है. कृपया सहयोग करें.' दिल्ली पुलिस ने फिलहाल इसे कार्रवाई को गिरफ्तारी नहीं बल्कि हिरासत बताया है. पुलिस तीनों को विमान से उतारकर एक बस में ले गई है.
बता दें, फ्लाइट जैसे ही IGI एयरपोर्ट लैंड हुई. अभिजीत दिपके ने आजतक से कहा कि- 'सबको तो हिरासत में ले लिया है, हम भी देखते हैं.'
CJP ने की निंदा
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी की निंदा की है. CJP के मुताबिक, अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को विमान से दिल्ली पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया.
बता दें, शनिवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया है. गुरुग्राम के सेक्टर 56, केंद्रीय विहार इलाके से ध्रुव राठी को हिरासत में लिया गया है. दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि वे अपने माता-पिता के पास आए हैं. दिल्ली पुलिस ने ये जानकारी गुरुग्राम पुलिस के साथ साझा की, जिसके बाद संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. कॉकरोच जनता पार्टी आज दिल्ली में प्रदर्शन करने वाली थी. पुलिस ने प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं.