कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर दिल्ली में 10 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया. इसका असर रेल यातायात पर भी पड़ा. बड़ी संख्या में ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी. उनके मन में सबसे बड़ा सवाल ये होगा कि टिकट का पैसा वापस कैसे मिलेगा?
अच्छी बात ये है कि रेलवे की ओर से ट्रेन रद्द किए जाने पर यात्रियों को पूरा किराया वापस मिलता है. हालांकि, रिफंड का तरीका इस बात पर निर्भर करता है कि टिकट ऑनलाइन बुक किया गया था या रेलवे काउंटर से खरीदा गया था.
ई-टिकट वालों को क्या करना होगा?
अगर आपने IRCTC की वेबसाइट या ऐप से ई-टिकट बुक किया है और आपकी ट्रेन रेलवे की ओर से रद्द कर दी गई है, तो आपको टिकट कैंसिल करने या अलग से रिफंड के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं है. रेलवे के नियमों के मुताबिक, ट्रेन रद्द होने पर टिकट का पूरा किराया वापस किया जाता है और कोई कैंसलेशन चार्ज नहीं लगता. ऐसे मामलों में रिफंड अपने आप प्रोसेस होता है और पैसा उसी खाते में लौटाया जाता है, जिससे टिकट बुक किया गया था. आमतौर पर इसमें 3 से 7 कामकाजी दिन लग सकते हैं.
कंफर्म या RAC टिकट है तो ध्यान दें
अगर आपके पास कन्फर्म या आरएसी (RAC) ई-टिकट है और रेलवे ने ट्रेन रद्द की है, तो अपनी तरफ से टिकट कैंसिल न करें. ऐसे मामले में टीडीआर (TDR) भरने की भी जरूरत नहीं होती. रिफंड की प्रक्रिया रेलवे की ओर से अपने आप पूरी की जाती है. हालांकि, यह नियम रेलवे की ओर से ट्रेन रद्द किए जाने पर लागू होता है. अगर ट्रेन रद्द नहीं हुई है और यात्री खुद टिकट कैंसिल करता है, तो रिफंड के नियम अलग हो सकते हैं.
काउंटर से टिकट लिया है तो क्या करें?
अगर आपने रेलवे आरक्षण काउंटर से टिकट खरीदा है, तो रिफंड के लिए कंप्यूटराइज्ड पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) काउंटर पर जाना होगा. वहां टिकट और रिफंड से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. इसलिए स्टेशन जाने से पहले ट्रेन का रद्द होने का स्टेटस जरूर जांच लें और टिकट संभालकर रखें.
रिफंड का स्टेटस कैसे चेक करें?
IRCTC से बुक किए गए ई-टिकट का रिफंड स्टेटस देखने के लिए इन चरणों का पालन करें: IRCTC की ई-टिकटिंग वेबसाइट पर लॉगिन करें > My Account में जाएं > My Transactions पर क्लिक करें > टिकट रद्द होने की जानकारी के लिए Ticket Cancellation History और रिफंड की स्थिति के लिए Ticket Refund History देखें.
फर्जी कॉल और संदेशों से रहें सावधान
रिफंड जल्दी दिलाने के नाम पर आने वाली फर्जी कॉल और संदेशों से सावधान रहें. IRCTC ने यात्रियों को आगाह किया है कि रिफंड के लिए किसी के साथ अपना पासवर्ड, ओटीपी या लॉगिन से जुड़ी जानकारी साझा न करें. किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या बैंकिंग जानकारी देने से भी बचें.
स्टेशन जाने से पहले ट्रेन का स्टेटस देखें
दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनों के रद्द होने या संचालन में बदलाव की खबरों के बीच यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांचनी चाहिए. इसके लिए नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) की वेबसाइट या ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी जानकारी ली जा सकती है. याद रखें, अगर रेलवे ने आपकी ट्रेन रद्द की है, तो ई-टिकट का रिफंड आम तौर पर अपने आप मिल जाएगा. वहीं, काउंटर से खरीदे गए टिकट के लिए संबंधित PRS काउंटर पर रिफंड की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.