scorecardresearch
 

कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर, मिंटो ब्रिज... दिल्ली में जगह-जगह प्रोटेस्ट, पुलिस भी एक्शन मोड में

CJP के प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है. कनॉट प्लेस में बैरिकेडिंग पार कर जंतर-मंतर जाने की कोशिश कर रहे करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. CJP संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को फ्लाइट से ही डिटेन किया गया है. यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया है.

Advertisement
X
पुलिस ने दौड़ाकर 150 से अधिक प्रदर्शनकारियों को डिटेन किया गया है. (Photo-PTI)
पुलिस ने दौड़ाकर 150 से अधिक प्रदर्शनकारियों को डिटेन किया गया है. (Photo-PTI)

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. पार्टी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है. पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है. इसके बावजूद पार्टी समर्थकों के जुटने की आशंका को देखते हुए राजधानी में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

दिल्ली में 20 हजार से ज्यादा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं. वहीं, सुबह से 150 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने प्रदर्शन को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्तरों पर तैयारी की है.

सुबह से अब तक पुलिस ने क्या-क्या कदम उठाए?

1. कनॉट प्लेस में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

दिल्ली में सुबह करीब 9 बजे तक पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई थी. कनॉट प्लेस में बैरिकेडिंग पार कर जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को कनॉट प्लेस के अंदरूनी इलाके में दौड़ाकर पकड़ा. इसके बाद उन्हें हिरासत में लेने वाली गाड़ियों में बैठाया गया

2. जंतर-मंतर के आसपास सात लेयर की बैरिकेडिंग

Advertisement

पुलिस ने जंतर-मंतर जाने वाले रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की है. प्रदर्शन स्थल के आसपास सात स्तर की बैरिकेडिंग लगाई गई है. नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है. हर जोन की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर रहे हैं.

दिल्ली-फरीदाबाद सीमा पर बदरपुर के पास मोहन एस्टेट में सड़कों पर टायर रोकने वाली पट्टियां भी लगाई गई हैं. दिल्ली-नोएडा सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस और सीमा सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं. यहां दिल्ली में एंट्री करने वाली गाड़ियों की जांच की जा रही है. बसों, टैक्सियों और निजी गाड़ियों पर भी नजर रखी जा रही है.

3. अभिजीत दिपके, ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को फ्लाइट से ही दिल्ली पुलिस ने डिटेन किया है.  वहीं यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया है. गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद से ध्रुव राठी को हिरासत में लिया. वे जर्मनी से CJP प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे हैं.

4. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगे बॉडी कैमरे

Advertisement

जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट के बीच इस बार पुलिस ने कार्रवाई की रिकॉर्डिंग के लिए भी खास इंतजाम किए हैं. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की वर्दी पर बॉडी कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे कम रोशनी में भी रिकॉर्डिंग कर सकते हैं. पुलिस का कहना है कि इससे मौके पर हुई घटनाओं का रिकॉर्ड रखा जा सकेगा.

वहीं संवेदनशील जगहों पर 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा करीब 100 फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर भी तैनात किए जाने की जानकारी दी गई है. पुलिस ड्रोन से भी निगरानी कर रही है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी ड्रोन से नजर रखी जा रही है.

5. हिरासत में लिए गए लोगों को रखने के लिए 12 केंद्र तैयार

पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान पकड़े जाने वाले लोगों को रखने के लिए 12 हिरासत केंद्र तैयार किए हैं. अधिकारियों ने जवानों को निर्देश दिए हैं कि वे किसी उकसावे में न आएं. उन्हें संयम से काम लेने और पेशेवर तरीके से स्थिति संभालने को कहा गया है. पुलिस ने होटल, लॉज और गेस्ट हाउस की जांच भी बढ़ा दी है. सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के लिए लोगों को जुटाने वाली पोस्ट पर भी नजर रखी जा रही है.

6. प्रोटेस्ट के बीच 45 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद

Advertisement

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट के गेट बंद किए गए हैं. यह पाबंदी 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक के लिए बताई गई है. हालांकि, प्रभावित स्टेशनों पर दूसरे स्टेशन जाने के लिए इंटरचेंज की सुविधा जारी रखने की बात कही गई है. नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी.

रेलवे सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा है.  10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच 254 ट्रेनें रद्द की गईं. इनमें 75 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें और 179 लोकल ट्रेनें शामिल हैं. यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.

7. दिल्ली के कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट बंद

पुलिस ने जनपथ और कर्तव्य पथ के चौराहे के चार किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने का आदेश दिया है. यह रोक 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक के लिए है. पुलिस ने गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद यह कदम उठाया है.

8. करीब 30 सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने करीब 30 सड़क मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है. इनमें जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, पटेल चौक, जनपथ और अशोका रोड जैसे इलाके शामिल हैं. जरूरत के हिसाब से ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा रहे हैं. पुलिस ने लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने और घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की जानकारी लेने की सलाह दी है.

Advertisement

क्यों हो रहा है CJP का प्रदर्शन?

CJP और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है. प्रदर्शनकारी वोटर लिस्ट में बदलाव को लेकर सवाल उठा रहे हैं. उनकी मांग है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को रोका जाए और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए निष्पक्ष प्रक्रिया बनाई जाए.

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है. पुलिस का कहना है कि यह फैसला कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है. दूसरी ओर, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है. पार्टी ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से जुटने की अपील की है. अभिजीत पार्टी के सदस्यों के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं.

कुल मिलाकर,  आज 10 अक्टूबर को सुबह से दिल्ली पुलिस का मुख्य जोर प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने, सीमाओं पर जांच बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों की निगरानी करने पर है. अब तक करीब 150 प्रदर्शनकारियों और ध्रुव राठी को हिरासत में लिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement