ईरान और अमेरिका का तनाव अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है. दरअसल ताजिकिस्तान में मौजूद ईरानी दूतावास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बैठक को लेकर एक व्यंग्यात्मक वीडियो शेयर किया है.
AI जेनरेटेड इस वीडियो में सीधे तौर पर अमेरिकी कूटनीति का मजाक उड़ाया गया है. 1 मिनट 26 सेकंड के इस एनिमेटेड वीडियो का नाम 'ओडा शो' है.
वीडियो की शुरुआत एक पहाड़ी मंदिर के दृश्य से होती है. इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का कैरीकेचर दिखाया गया है. वीडियो में ट्रंप चीन के पारंपरिक पहनावे में नजर आ रहे हैं.
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर ट्रंप की अपील
इस वीडियो में ट्रंप के साथ एलन मस्क और मार्को रुबियो के एनिमेटेड किरदार भी बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर अपना प्रभाव इस्तेमाल करने के लिए चीन के सामने गुहार लगाते नजर आ रहे हैं. वो चीन से कह रहे हैं कि वो ईरान को समझाएं ताकि इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को कम किया जा सके.
इसके अलावा, वीडियो में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में चल रहे समुद्री और शिपिंग तनाव को कम करने के लिए भी अमेरिकी पक्ष को लाचार दिखाया गया है.
ताइवान विवाद को किया खारिज
वीडियो के अगले हिस्से में ट्रंप को बोइंग जेट सौदों और अंतरराष्ट्रीय टैरिफ को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते और डींगें हांकते हुए दिखाया गया है. इतना ही नहीं, ताइवान तनाव को भी ट्रंप का किरदार बहुत ही हल्के में लेते हुए पूरी तरह खारिज कर देता है.
चुप्पी साधे दिखे जिनपिंग
वहीं, ट्रंप के सामने बैठे शी जिनपिंग इस दौरान खामोश बैठे दिखाई दे रहे हैं. इस बैठक के बाद ट्रंप अपनी टीम के सामने अपनी वाहवाही करते भी दिखाई देते हैं. जिनपिंग की चुप्पी के बावजूद वो दावा करते हैं कि मीटिंग बहुत अच्छी रही और ऐसे ही नेगोशिएशन किया जाता है.