How To Reuse Sweaters: सर्दियों का मौसम आते ही जब हम अलमारी या दीवान के बक्से से गर्म कपड़े निकालते हैं, तो उनमें से कई ऐसे पुराने स्वेटर्स, कार्डिगन या वूलन इनर्स निकल आते हैं जो या तो छोटे हो चुके होते हैं, आउट-ऑफ-फैशन हो गए होते हैं या फिर हल्के घिस चुके होते हैं. अक्सर लोग जगह घेरने की वजह से इन्हें फेंक देते हैं या कबाड़ में दे देते हैं.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि पुराने ऊनी कपड़े बहुत ही सॉफ्ट, गर्म और टिकाऊ होते हैं? इन्हें फेंकने की बजाय आप बिना सिलाई या थोड़ी-सी कटिंग करके घर के सुंदर कुशन कवर, सर्दियों के डोरमैट, हाथ के ग्लव्स, बूट सॉक्स और यहां तक कि अपने पैट्स के लिए आरामदायक गर्म बिस्तर बना सकते हैं. आइए जानते हैं पुराने स्वेटर्स और गर्म कपड़ों को रीसायकल करने के 5 गजब के तरीके!
बिना सिलाई के स्टाइलिश कुशन कवर
इस्तेमाल: पुराने प्रिंटेड या बुनाई वाले स्वेटर की बॉडी वाले हिस्से के अंदर कुशन डालें. कुशन के नाप का वर्गाकार काटें और चारों किनारों पर 2-2 इंच के कट लगाकर पट्टियां बना लें. अब आमने-सामने की पट्टियों में गांठ बांध दें. बिना सिलाई के आपका बहुत ही सुंदर और वार्म कुशन कवर तैयार हो जाएगा.
स्वेटर की आस्तीन से बनाएं वार्म सॉक्स और ग्लव्स
स्वेटर की दोनों आस्तीनों को कोहनी या कंधे के पास से काट लें. कलाई वाला हिस्सा नीचे पैर या हाथ में पहनें और कटे हुए ऊपरी हिस्से को सुई-धागे से सिल लें. यह सर्दियों में घर में पहनने के लिए बेहद आरामदायक और गर्म बूट सॉक्स/ग्लव्स का काम करते हैं.
पैट्स के लिए वार्म बेड
एक पुराने बड़े स्वेटर के अंदर पुरानी रुई, फटे कपड़े या कुशन भर दें. स्वेटर का गला और नीचे का हिस्सा सिल दें. दोनों आस्तीनों में भी रुई भरकर उन्हें आपस में जोड़कर गोल आकार दे दें. आपके पेट्स के लिए सर्दियों का सबसे आरामदायक और गर्म बिस्तर तैयार है.
सर्दियों के लिए सॉफ्ट और हैवी डोरमैट
पुराने मोटे वूलन स्वेटर्स को 2-2 इंच चौड़ी लंबी पट्टियों में काट लें. इन पट्टियों की चोटियां (Braids) गूंथ लें और फिर उन्हें गोल या चौकोर घुमाते हुए सुई-धागे से आपस में सिल लें. यह डोरमैट न सिर्फ पैर साफ करता है बल्कि सर्दियों में फर्श की ठंडक से भी बचाता है.
बोतल, जार और कप के लिए वार्म कवर्स
स्वेटर की आस्तीन का निचला कलाई वाला हिस्सा 4-5 इंच की लंबाई में काटें. इसे पानी की कांच की बोतल, कॉफी मग या जार के ऊपर चढ़ा दें. यह बोतल को टूटने से बचाता है, गर्म पानी को देर तक गर्म रखता है और देखने में भी काफी ट्रेंडी लगता है.