scorecardresearch
 

कंचे फेंककर चेक करते थे घर, फिर डालते थे डकैती... फरीदाबाद में 'गुलेल गैंग' का एनकाउंटर, 2 बदमाशों के पैर में लगी गोली, 7 दबोचे गए

Faridabad Police Encounter: फरीदाबाद में मुठभेड़ के बाद मध्य प्रदेश का अंतर-राज्यीय 'गुलेल' गिरोह गिरफ्तार. 2 बदमाशों के पैर में लगी गोली, 15 हजार का इनामी भी दबोचा गया. गुलेल से कंचे फेंककर करते थे बंद घरों की रेकी. पढ़ें पूरी खबर.

Advertisement
X
मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली-NCR में वारदातों को अंजाम देता था 'गुलेल गैंग'.(Photo:ITG)
मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली-NCR में वारदातों को अंजाम देता था 'गुलेल गैंग'.(Photo:ITG)

हरियाणा की फरीदाबाद पुलिस ने डकैती और लूटपाट में शामिल 'गुलेल' गैंग के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से एक देसी पिस्तौल, दो बड़े चाकू और दो गुलेल बरामद किए गए हैं. पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के दौरान सात में से दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पुलिस के एक सीनियर अधिकारी के अनुसार, गिरोह के आरोपी सदस्य लूट और चोरी करने के लिए मध्य प्रदेश से अलग-अलग राज्यों में जाते थे. अपराध करने के बाद, वे अपने गृह राज्य लौट जाते थे.

आरोपी गुलेल का इस्तेमाल करके घर के अंदर लोगों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए कंचे फेंकते थे. जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती थी, तो वे घर में घुसने की कोशिश करते थे.

पुलिस ने बताया कि 10 अक्टूबर को सूचना मिली कि मध्य प्रदेश का एक गिरोह सोटई गांव के पास आगरा नहर पुल के पास किसी बड़े अपराध की योजना बना रहा है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें रुकने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस से बचने की कोशिश की.

इस दौरान, एक आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और दो आरोपियों, सतबीर और प्रताप, के पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस टीम ने सभी सात आरोपियों को पकड़ लिया.

Advertisement

आरोपियों की पहचान सतबीर, सुखलाल, प्रताप, बेताल, धन सिंह, देवधर और हरबीर के रूप में हुई है, जो सभी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं.

पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रताप की गिरफ्तारी पर 15000 रुपये के इनाम की घोषणा भी की है. प्रताप के खिलाफ 8, बेताल के खिलाफ दो और धन सिंह के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं.

एसीपी (क्राइम) अमन यादव ने कहा, "पूछताछ के दौरान पता चला कि यह गिरोह अंतर-राज्यीय स्तर पर सक्रिय था. गिरोह के सदस्य घरों की रेकी करने के लिए मध्य प्रदेश से दूसरे राज्यों में जाते थे और मौका मिलने पर लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे."

इस गिरोह ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में अपराध किए हैं. ACP ने कहा कि इस बात का पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गैंग ने अब तक फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में कितने अपराध किए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement