आईपीएल 2026 अब उस मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां हर गेंद, हर रन और हर कैच प्लेऑफ की तस्वीर बदल सकता है. 15 मुकाबले बाकी हैं, 2 टीमें बाहर हो चुकी हैं, लेकिन बाकी 8 फ्रेंचाइजियां अभी भी ‘जिंदा’ हैं. मजेदार बात ये है कि टेबल में ऊपर बैठी टीम भी सुरक्षित नहीं और नीचे वाली टीम भी उम्मीद छोड़ने को तैयार नहीं.
कहीं नेट रन रेट का खेल है, कहीं आखिरी मैच तक सांसें अटकने वाली हैं. आइए समझते हैं किस टीम का रास्ता कितना आसान... और किसका पूरा 'थ्रिलर' बनने वाला है.
पंजाब किंग्स: शानदार शुरुआत के बाद अचानक ब्रेक!
Punjab Kings
11 मैच, 13 अंक और लगातार 4 मैच बिना जीत के. जो टीम कुछ हफ्ते पहले टॉप-2 की सबसे बड़ी दावेदार लग रही थी, अब उसके सामने 'कहीं बाहर न हो जाएं' वाला डर खड़ा है.
दिलचस्प बात ये है कि पंजाब 13 अंकों पर भी क्वालिफाई कर सकती है... और 17 अंकों पर भी बाहर हो सकती है. यानी कहानी पूरी तरह दूसरे मैचों पर भी निर्भर है.
अच्छी खबर? बचे 3 मैचों में 2 ऐसी टीमों से हैं जो बाहर हो चुकी हैं.
बुरी खबर? बाहर हो चुकी टीमें अब बिना दबाव के खेलेंगी... और वही सबसे खतरनाक होती हैं.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: टॉप पर बैठी है... लेकिन अभी चैन नहीं
Royal Challengers Bengaluru
मुंबई के खिलाफ आखिरी गेंद पर मिली जीत ने RCB को टेबल टॉपर बना दिया. लेकिन 14 अंक के बावजूद प्लेऑफ अभी पक्का नहीं है.
अगर RCB दो और मैच जीत लेती है, तो लगभग टिकट कन्फर्म हो जाएगा. उनकी सबसे बड़ी ताकत है +1.103 का धमाकेदार नेट रन रेट- पूरे टूर्नामेंट में सबसे बेहतर.
लेकिन असली ट्विस्ट ये है कि अगले तीनों मैच आसान नहीं हैं. KKR अभी भी रेस में है, PBKS भूखी टीम है और SRH आग उगल रही है. यानी RCB के लिए असली टेस्ट अब शुरू हुआ है.
सनराइजर्स हैदराबाद: सबसे खतरनाक मोमेंटम वाली टीम
Sunrisers Hyderabad
पिछले 7 में से 6 जीत. हैदराबाद की गाड़ी अभी फुल स्पीड में दौड़ रही है.
14 अंक पर बैठी SRH का नेट रन रेट भी शानदार (+0.737) है. लेकिन यहां भी कहानी आसान नहीं. GT को हराकर 16 पर पहुंचने के बाद भी प्लेऑफ तय नहीं होगा.
अगर बाकी बड़े दावेदार लगातार जीतते रहे, तो 18 अंक तक वाली लड़ाई हो सकती है. ऐसे में SRH का मजबूत NRR उन्हें टॉप-2 तक पहुंचा सकता है.
फिलहाल फॉर्म के हिसाब से देखें, तो शायद यही टीम बाकी सबको सबसे ज्यादा डरा रही है.
You simply cannot miss the action! 🤩
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 12, 2026
Three teams tied on points at the top, two battle it out today! ⚔️
Who wins this one? 💬#TATAIPL Race to Playoffs 2026 👉 #GTvSRH | TUE, MAY 12, 6:30 PM pic.twitter.com/8oAUuIwDYO
गुजरात टाइटंस: चुपचाप, लेकिन खतरनाक
Gujarat Titans
GT शायद इस सीजन की सबसे 'अंडररेटेड/ टीम रही है. लगातार 4 जीत के साथ टीम सही समय पर पीक कर रही है.
14 अंक पर मौजूद गुजरात के लिए राहत की बात ये है कि आखिरी 3 में से 2 मैच घर पर हैं. लेकिन RCB और SRH की तरह इनके लिए भी 18 अंक तक पहुंचना जरूरी लग रहा है.
GT का अंदाज फिलहाल ऐसा है जैसे कोई खिलाड़ी बिना शोर किए फिनिश लाइन की ओर भाग रहा हो.
चेन्नई सुपर किंग्स: धीमी शुरुआत के बाद ‘धोनी वाली वापसी’
Chennai Super Kings
पहले 3 मैच हारे... फिर अचानक गियर बदला और पिछले 8 में से 6 जीत लिए. यही तो CSK की पहचान रही है.
12 अंक पर मौजूद चेन्नई के लिए समीकरण साफ है- 18 अंक मतलब सीधा प्लेऑफ... लेकिन 16 अंक पर मामला फंस सकता है.
दिलचस्प ये है कि अगर कुछ नतीजे उनके पक्ष में गए, तो 14 अंक पर भी मौका बन सकता है. हालांकि उसके लिए बाकी टीमों को 'उपकार' करना पड़ेगा.
CSK की असली ताकत उनका अनुभव है... और आईपीएल इतिहास कहता है - इस टीम को आखिरी सांस तक कभी बाहर मत समझो.
राजस्थान रॉयल्स: कुछ हफ्तों में हीरो से संघर्षरत टीम
Rajasthan Royals
कुछ समय पहले RR तीसरे नंबर पर थी. अब हालत ये है कि टीम छठे स्थान पर पहुंच चुकी है.
पिछले 7 में 5 हार ने पूरी कहानी बदल दी. हालांकि अच्छी बात ये है कि बचे 3 मैचों में दो ऐसी टीमों से हैं जो बाहर हो चुकी हैं.
लेकिन यहां भी ट्विस्ट कम नहीं. RR अगर 18 अंक तक पहुंचती है, तब भी नेट रन रेट बीच में आ सकता है.
और अब उनका शेड्यूल भी बेहद पागलपन वाला है- 17 मई को दिल्ली, 19 मई को जयपुर... यानी सफर भी, दबाव भी और 'करो या मरो' वाला माहौल भी.
कोलकाता नाइट राइडर्स: सबसे बड़ा ‘डार्क हॉर्स’
Kolkata Knight Riders
KKR ने सिर्फ 10 मैच खेले हैं, यानी बाकी टीमों से एक मौका ज्यादा. यही उनकी सबसे बड़ी उम्मीद है.
अगर कोलकाता चारों मैच जीत लेती है, तो 17 अंक तक पहुंच जाएगी और प्लेऑफ के दरवाजे लगभग खुल जाएंगे.
सबसे बड़ा पॉजिटिव? आखिरी 3 मैच ईडन गार्डन्स में.
और उससे भी बड़ा पॉजिटिव? टीम लगातार 4 मैच जीत चुकी है.
यानी जिस टीम को कुछ दिन पहले लोग खत्म मान रहे थे, वही अब सबसे खतरनाक 'कमबैक स्टोरी' बन सकती है.
दिल्ली कैपिटल्स: उम्मीद बहुत कम... लेकिन खत्म नहीं
Delhi Capitals
12 मैच में सिर्फ 10 अंक और -0.993 का बेहद खराब नेट रन रेट. दिल्ली की हालत ऐसी है कि अब सिर्फ जीत काफी नहीं, बड़ी जीत चाहिए.
समीकरण बिल्कुल सीधा है:
दोनों मैच जीतिए, 14 अंक तक पहुंचिए और फिर बाकी टीमों के फेल होने की दुआ करिए.
दिल्ली का आखिरी मैच 24 मई को KKR के खिलाफ है. अगर उस दिन भी दोनों टीमें प्लेऑफ की रेस में रहीं, तो समझ लीजिए IPL 2026 ने आखिर तक सस्पेंस बचाकर रखा है.
कुल मिलाकर: इस बार 16 अंक भी सुरक्षित नहीं.
इस सीजन की सबसे बड़ी खासियत यही है कि कोई भी टीम सुरक्षित नहीं दिख रही.
18 अंक तक पहुंचने वाली टीम भी नेट रन रेट गिन सकती है और 14 अंक वाली टीम भी चमत्कार का सपना देख रही है.
यानी आने वाले 12 दिन सिर्फ क्रिकेट नहीं होंगे... ये होंगे कैलकुलेटर, नेट रन रेट, दिल की धड़कन और आखिरी गेंद तक के ड्रामे वाले दिन.