नवरात्रि के 9 दिनों के व्रत में जब शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा, तीखा और चटाकेदार खाने का मन करे, तो बाजार की महंगी और अनहाइजीनिक नमकीन खरीदने के बजाय घर पर ही साबूदाना और आलू लच्छा मिक्सचर बनाएं. इसमें नायलॉन साबूदाना (बड़ा वाला), कुरकुरे आलू के लच्छे, मखाने, भुनी मूंगफली, काजू और किशमिश का ऐसा जादुई स्वाद मिलता है जो व्रत के साधारण खाने को भी जायकेदार बना देता है.
सेंधा नमक, काली मिर्च और अमचूर पाउडर का चटपटा तड़का इस नमकीन को बाजार की पैकेट बंद नमकीन से कहीं ज्यादा स्वादिष्ट और सेहतमंद बनाता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे एक बार बनाकर एयरटाइट डिब्बे में रख लें तो यह पूरे 1 महीने तक बिल्कुल क्रिस्पी और फ्रेश रहती है. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान विधि!
सामग्री:
4 बड़े कच्चे आलू (लच्छा बनाने के लिए)
1 कप बड़ा साबूदाना (नायलॉन / फ्राई करने वाला साबूदाना)
1/2 कप मूंगफली के दाने
1/2 कप मखाने
10-12 काजू और किशमिश
8-10 कढ़ी पत्ते और 2 कटी हरी मिर्च (ऐच्छिक)
1 छोटा चम्मच सेंधा नमक (स्वादानुसार)
1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
1/2 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर या चाट मसाला (व्रत अनुसार)
तलने के लिए मूंगफली का तेल या देसी घी
बनाने की शॉर्ट विधि:
आलू छीलकर मोटे छेद वाले कद्दूकस से पानी से भरे बाउल में घिसें. 3-4 बार साफ पानी से धोएं ताकि स्टार्च निकल जाए. अब खोलते पानी में 1 मिनट उबालकर तुरंत ठंडे पानी में डालें और सूती कपड़े पर फैलाकर सुखा लें. (इससे लच्छे तेल में डालते ही बर्फ जैसे सफेद और सुपर क्रिस्पी बनेंगे).
तेज गर्म तेल में सुखाए हुए आलू के लच्छे डालें और मध्यम-तेज आंच पर हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलकर निकाल लें.
तेल को अच्छा तेज गर्म करें. अब नायलॉन साबूदाना थोड़ा-थोड़ा करके डालें और कलछी से चलाते हुए फ्राई करें. तेज आंच पर साबूदाना एकदम फूलकर बड़ा और क्रंची हो जाएगा.
धीमी आंच पर मूंगफली, काजू, किशमिश और मखाने को अलग-अलग 1-2 मिनट तक क्रिस्पी होने तक तलकर निकाल लें. कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च भी तल लें.
एक बड़े बर्तन में तली हुई सभी चीजें (आलू लच्छा, साबूदाना, ड्राई फ्रूट्स, मखाने) एक साथ मिलाएं. ऊपर से सेंधा नमक, काली मिर्च और अमचूर पाउडर डालकर हल्के हाथों से टॉस करें. पूरी तरह ठंडा होने के बाद इसे कांच या प्लास्टिक के एयरटाइट कंटेनर में भर दें.