How to Clean Glasses Cloth: अगर आप चश्मा पहनते हैं, तो उसकी सफाई के लिए माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल जरूर करते होंगे. यह मुलायम कपड़ा चश्मे के लेंस पर जमी धूल, उंगलियों के निशान और तेल के दाग साफ करने में मदद करता है. मगर रोज-रोज इस्तेमाल करने के बाद यह कपड़ा गंदा हो जाता है और तब समझ नहीं आता है कि आखिर चश्मे को साफ करने वाले इस कपड़ो को कैसे साफ करते हैं.
दरअसल, चश्मा साफ करते समय धूल, पसीना, त्वचा का तेल और दूसरी गंदगी कपड़े में जमा होने लगती है. कुछ समय बाद यही गंदगी लेंस पर दोबारा लग सकती है. कई बार तो लोग इस कपड़े को ही फेंक देते हैं, मगर ऐसे में चश्मा साफ करने के लिए हर बार नया कपड़ा खरीदने की जरूरत नहीं है. आप घर पर ही इसे आसानी से धोकर दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं.
सबसे पहले कपड़े से धूल हटाएं
अगर चश्मा साफ करने वाले कपड़े पर हल्की धूल लगी है, तो उसे हल्के हाथों से झाड़ लें. इससे कपड़े पर मौजूद धूल और छोटे कण निकल जाएंगे. ध्यान रखें कि कपड़े में मिट्टी या बारीक कण फंसे हों, तो उनसे लेंस पर खरोंच आने का खतरा हो सकता है. इसलिए कपड़े को दोबारा इस्तेमाल करने से पहले उसकी सफाई जरूर करें.
हाथ से धोने का सही तरीका
माइक्रोफाइबर कपड़े को साफ करने का सबसे आसान तरीका उसे हाथ से धोना है. इसके लिए इन स्टेप्स को अपनाएं.
पानी लें: एक साफ कटोरे में ठंडा या हल्का गुनगुना पानी भर लें.
साबुन मिलाएं: पानी में हल्के साबुन या माइल्ड डिटर्जेंट की कुछ बूंदें डालें.माइक्रोफाइबर कपड़े को साफ ऐसा साबुन लें, जिसमें ब्लीच या फैब्रिक सॉफ्टनर न हो.
कपड़ा भिगोएं: कपड़े को साबुन वाले पानी में 5 से 15 मिनट तक रहने दें.
हल्के हाथों से साफ करें: कपड़े को उंगलियों के बीच धीरे-धीरे रगड़ें, ताकि उसमें जमा तेल और गंदगी निकल जाए.
साफ पानी से धोएं: अब कपड़े को तब तक खंगालें, जब तक उसमें बिल्कुल साबुन न बचे.
क्या वॉशिंग मशीन में भी धो सकते हैं?
आजकल कपड़े धोने के लिए लोग वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल करते हैं, आप माइक्रोफाइबर कपड़े को वॉशिंग मशीन में भी धो सकते हैं. हालांकि, इसे धोते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
अगर आप कपड़े को दूसरे कपड़ों के साथ धो रहे हैं, तो ध्यान रखें कि उन पर बहुत ज्यादा रोएं या गंदगी न लगी हो. बेहतर होगा कि चश्मे के कपड़े को अलग से या किसी साफ कपड़े के साथ धोएं.
कपड़े को सुखाते समय न करें ये गलतियां
धोने के बाद कपड़े को जोर से न निचोड़ें और न ही उसे मरोड़ें. हल्के हाथों से अतिरिक्त पानी निकालकर किसी साफ तौलिये पर फैला दें या साफ जगह पर सूखने के लिए टांग दें. इसे नेचुरल हवा में सूखने दें. बहुत ज्यादा गर्मी, गर्म ड्रायर और हाई टेम्परेचर से बचें, क्योंकि इससे कपड़े के बारीक रेशे खराब हो सकते हैं. साथ ही, कपड़े को तब तक इस्तेमाल न करें, जब तक वह पूरी तरह सूख न जाए.
चश्मे के कपड़े को साफ रखने के लिए अपनाएं ये टिप्स
नियमित रूप से धोएं: अगर कपड़ा बार-बार इस्तेमाल करते हैं, तो हर एक से दो हफ्ते में इसे साफ करने की आदत डालें. अगर यह जल्दी गंदा हो जाता है या लेंस पर धब्बे छोड़ने लगता है, तो इसे पहले धो लें.
अलग काम के लिए इस्तेमाल न करें: चश्मे के कपड़े से मोबाइल स्क्रीन, मेज या दूसरी चीजें साफ न करें. ऐसा करने से उस पर तेल और धूल जमा हो सकती है.
सही जगह रखें: इस्तेमाल के बाद कपड़े को चश्मे के साफ केस या किसी साफ पाउच में रखें. इसे बैग में खुला रखने से बचें, क्योंकि वहां धूल और दूसरी गंदगी लग सकती है.
तेज केमिकल से दूर रखें: कपड़े को साफ करने के लिए ब्लीच, तेज सफाई वाले केमिकल या खुरदरे ब्रश का इस्तेमाल न करें.