करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस से एक स्पाई फिल्म 'उड़ता तीर' रिलीज होने वाली है. इसमें आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, गुलशन ग्रोवर, राम कपूर, जैसे सितारे हैं. 10 दिन बाद ये फिल्म सिनेमाघरों में लग रही है, ऐसे में मेकर्स ने अपनी फिल्म का नया ट्रेलर रिलीज किया है.
नए ट्रेलर में क्या है खास?
फिल्म उड़ता तीर की कहानी एक पाकिस्तानी एजेंट की है, जो इंडिया में तो एंट्री मार चुका है लेकिन एक हादसे के चलते अपनी याददाश्त भूल गया है. उसे अब पाकिस्तान से नहीं, इंडिया से लगाव हो गया है. वो भारत का देशभक्त एजेंट बनकर पाकिस्तान के आतंकवादी और खूफिया एजेंट्स को पकड़ रहा है.
आयुष्मान खुराना की फिल्म का दूसरा ट्रेलर कुछ ऐसे सेटअप के साथ शुरू होता है- पाकिस्तान के आर्मी जनरल बने गुलशन ग्रोवर चीन के राष्ट्रपति का कॉल देखकर ऐसे नी हाओ-नी हाओ कर रहे हैं, जैसे उनकी जी हुजूरी कर रहे हों. फिर होती है फिल्म के हीरो आयुष्मान की एंट्री, जिसकी याददाश्त खो चुकी है और वो खुद को पाकिस्तानी के बदले हिंदुस्तानी स्पाई समझ रहा है. लेकिन उसे अभी भी इस बात का एहसास है कि वो एक पाकिस्तानी है. इसी कंफ्यूजन में वो अपनी असली पहचान को खोज रहा होता है, वो बिलाल अहमद नाम के शख्स को ढूंढ रहा है. मगर असलियत में वो खुद ही बिलाल अहमद है.
पहले के ट्रेलर में जिस टाइप की कॉमेडी और कंफ्यूजन का मेल दिखाया गया था, वैसा कुछ-कुछ इसमें भी है. ये एक अनोखा आइडिया है कि एक स्पाई अपनी पहचान भूल गया है, और अब वो दुश्मन देश के लिए अपने बंदों को पकड़ रहा है. पाकिस्तान बिलाल अहमद की खोई हुई याददाश्त की वजह से पछता रहा है, और इंडिया उसका फायदा उठा रहा है.
कैसी लग रही है फिल्म?
फिल्म उड़ता तीर का नया ट्रेलर देखकर काफी नई-फ्रेश वाली वाइब आई है. इसमें अच्छी सिचुएशनल कॉमेडी, और ट्रैजेडी का सही मेल है. साथ ही एक्शन और सस्पेंस भी नजर आ रहा है. ये फिल्म पाकिस्तान पर भी छोटा सा तंज मारती नजर आ रही है कि कैसे वहां की खूफिया एजेंसी काम करती होगी. हालांकि असली कहानी तो फिल्म देखकर ही मालूम पड़ेगी. इस फिल्म को आकाश ए कौशिक ने डायरेक्ट किया है. 23 अक्टूबर के दिन आप ये फिल्म सिनेमाघरों में देख सकते हैं.