ओमान के एक को-पायलट के दुबई से तेल अवीव जा रही 'फ्लाईदुबई' फ्लाइट को हाइजैक कर क्रैश करने के मामले में UAE ने बड़ा एक्शन लिया है. UAE पुलिस ने 'फ्लाईदुबई' एयरलाइन में काम करने वाले मालदीव के दो पायलटों को गिरफ्तार किया है.
इन दोनों पायलटों को एयरलाइन में मालदीव से हाल ही में भर्ती किया गया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों पायलटों को 3 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था.
UAE स्थित मालदीव के दूतावास ने बताया कि उनके परिवारों को इस हिरासत की सूचना दे दी गई है. हालांकि, मालदीव के अधिकारियों ने दोनों पायलटों की हिरासत पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.
बता दें कि 30 सितंबर को फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी पर फ्लाइट के मुख्य पायलट स्मित मछार पर कुल्हाड़ी से हमला करने और फ्लाइट हाइजैक करने की कोशिश करने का आरोप है.
अल-हम्मामी के संपर्क में थे दोनों पायलट
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पकड़े गए दोनों मालदीवियाई पायलट काम के दौरान अल-हम्मामी के संपर्क में थे और उसी इमारत में रहते थे जहां वो रहता था. हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि इस मामले से उनका क्या कनेक्शन है और उनके खिलाफ क्या सबूत हैं.
यह भी पढ़ें: फ्लाईदुबई फ्लाइट में हमले की जांच करेगी NIA, केंद्र ने दिया केस दर्ज करने का आदेश
यूएई ने इस घटना को आतंकवादी हमले की कोशिश करार दिया है और कहा है कि आरोपी को-पायलट चरमपंथी विचारधारा का समर्थन करने के संदेह में था. इस मामले की जांच की जा रही है और भारत की NIAने भी इस बीच इस हमले के पीछे की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए मामला दर्ज कर लिया है.