उत्तराखंड के रुद्रपुर से सामने आए एक वीडियो में जो दिख रहा है, उसने लोगों को हैरान कर दिया है. यहां पुलिस चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार ने अचानक कट मारा. बाइक के पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई. वह महिला बाइक सवार की पत्नी थी. हैरानी की बात यह रही कि उसके गिरने के बावजूद बाइक चला रहे व्यक्ति ने गाड़ी नहीं रोकी और आगे निकल गया. पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो वायरल है.
मामला ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित त्रिशूल चौक का है. यहां पुलिस बिना नंबर प्लेट और हेलमेट के चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक बाइक सवार वहां पहुंचा. पुलिस को देख उसने अचानक बाइक मोड़ दी. बाइक के अचानक मुड़ने से पीछे बैठी महिला अपना बैलेंस खो बैठी और सड़क पर गिर गई.
यहां देखें Video
वीडियो में महिला के गिरने के बाद बाइक सवार आगे बढ़ता चला गया. वह रुककर महिला को उठाने या उसकी हालत देखने की कोशिश करता नजर नहीं आया. इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी महिला की मदद के लिए आगे आए. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर महिला के सड़क पर गिरने के बावजूद बाइक सवार ने गाड़ी क्यों नहीं रोकी.
पुलिस ने महिला के बारे में क्या बताया?
रुद्रपुर के सीओ विभव सैनी के मुताबिक, त्रिशूल चौक पर बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक बाइक सवार ने चेकिंग से बचने के लिए बाइक आगे बढ़ा दी. इस दौरान पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई.
सीओ ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने महिला से उसकी हालत के बारे में पूछा. महिला ने बताया कि उसे कोई चोट नहीं आई है. इसके बाद उसकी काउंसलिंग की गई और उसे घर भेज दिया गया. पुलिस अधिकारी ने वाहन चालकों से अपील की कि वे इस तरह लापरवाही से गाड़ी न चलाएं, जिससे किसी की जान खतरे में पड़ जाए.
यह भी पढ़ें: भोपाल से पुणे जा रही छात्रा से चलती बस में छेड़छाड़, पुलिस चेकिंग प्वाइंट देखते ही लड़की ने दिखाई हिम्मत
इस घटना में महिला को गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन सड़क पर चलते समय अचानक बाइक मोड़ना या तेज रफ्तार में दिशा बदलना खतरनाक हो सकता है. खासकर तब, जब बाइक पर पीछे कोई दूसरा व्यक्ति बैठा हो. बाइक चलाने वाले के लिए संतुलन बनाए रखना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है पीछे बैठे व्यक्ति की सुरक्षा का ध्यान रखना.
अचानक कट मारने से पीछे बैठे व्यक्ति का संतुलन बिगड़ सकता है. अगर सड़क पर दूसरी गाड़ियां चल रही हों, तो गिरने के बाद गंभीर हादसा भी हो सकता है. इस मामले में पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार ने ऐसा क्यों किया, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन पुलिस का संदेश साफ है कि चेकिंग से बचने के लिए इस तरह वाहन चलाना खुद चालक और दूसरे लोगों के लिए जोखिम पैदा कर सकता है.
फिलहाल, रुद्रपुर के त्रिशूल चौक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. पुलिस के मुताबिक, महिला ने चोट नहीं लगने की बात कही थी और उसे घर भेज दिया गया. इस घटना ने एक बार फिर याद दिलाया है कि सड़क पर कुछ सेकंड की जल्दबाजी किसी के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है.