केरल में यूडीएफ सरकार के मुख्यमंत्री पद के निर्वाचित उम्मीदवार वीडी सतीशन (VD Satheesan) सोमवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे. उनके साथ उनकी पूरी कैबिनेट भी शपथ ग्रहण कर सकती है. केरल में नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. सूत्रों का कहना है कि इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए कांग्रेस के कई शीर्ष नेता केरल पहुंचेंगे.
इस मौके पर कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, "आज शाम मंत्रियों की सूची राज्यपाल को सौंप दी जाएगी. मंत्रियों की घोषणा सीधे तौर पर नहीं की जाती. ये हमेशा से चली आ रही परंपरा है. यूडीएफ की सक्षम टीम मंत्रियों के रूप में शपथ लेगी. यूडीएफ एक अच्छी टीम उतारेगी जो केरल की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ेगी.
उन्होंने आगे कहा कि सरकार घोषित अपने वादों पर गंभीरता से विचार करेगी. इस संबंध में किसी प्रकार की चिंता की जरूरत नहीं है.
उन्होंने वेल्लापल्ली नटेसन के हालिया भड़काऊ बयान देने पर निशाना साधते हुए कहा, 'सरकार शपथ लेने ही जा रही है. इससे पहले वेल्लापल्ली नटेसन को ऐसे भड़काऊ बयान नहीं देने चाहिए था.'
सूत्रों का कहना है कि इस सरकार के गठन का मुख्य उद्देश्य केरल की जनता की उम्मीदों और चुनावी गारंटियों को पूरी गंभीरता से धरातल पर उतारना है. इस महत्वपूर्ण कूटनीतिक और राजनीतिक घटनाक्रम में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस शासित तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री विशेष रूप से तिरुवनंतपुरम पहुंच रहे हैं.