बॉलीवुड की सुपरस्टार कहीं जाने वालीं एक्ट्रेस श्रीदेवी आज हमारे बीच मौजूद नहीं हैं. मगर उनका जिक्र अक्सर कहीं ना कहीं होता रहता है. श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर ने अपनी हालिया बातचीत के दौरान उनके अचानक चले जाने पर बात की. एक्ट्रेस ने बताया कि वो अपनी जिंदगी में हर छोटी चीज को लेकर मां श्रीदेवी पर निर्भर रहती थीं. जब वो चली गईं, तो उनके लिए उस दर्द से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो गया था.
मां श्रीदेवी के जाने से जाह्नवी की बदली जिंदगी
राज शमानी के पॉडकास्ट में जाह्नवी ने कहा, 'मैं उनपर पूरी तरह निर्भर थी, मैं कभी अपने फैसले खुद नहीं लेती थी. मैं लगभग हर बात उनसे पूछती थी कि क्या कपड़े पहनूं? क्या करूं? क्या सही, क्या गलत? वहां क्या है, क्या नहीं? उनके जाने के बाद, मुझे खुद से फैसले लेना सीखना पड़ा.'
'उसमें भी, ऐसे समय में जब दुनिया आपको तोड़ने की कोशिश कर रही हो कि अरे, देखो, वो अब कुछ ज्यादा ही मुस्कुरा रही है, वो बहुत दुखी है, वो उतनी दुखी नहीं है जितनी होनी चाहिए. मेरे परिवार पर आरोप लगाना. उस सभी चीजों के साथ डील करना, मैंने अपनी जिंदगी में काफी बुरे फैसले लिए हैं. मैंने उन लोगों को अपनी निजी जिंदगी में दखल देने दिया, जिनका कोई काम नहीं था.'
श्रीदेवी के जाने से बदल गए बोनी कपूर
जाह्नवी ने आगे अपनी मां श्रीदेवी के लिए कहा कि उनके जैसा दुनिया में कोई नहीं है. उनकी जगह कोई नहीं ले सकता. एक्ट्रेस ने कहा, 'मैं मिस करती हूं कि वो कितनी मजाकिया थीं. उनका वो चेहरा किसी ने नहीं देखा था. उस दिन मैंने अपने परिवार का एक सदस्य नहीं खोया था, मैंने अपने पिता को भी खोया था.'
'जब वो हमारे साथ थीं, तब पापा काफी अलग थे. आज वो जैसे हैं, मैं उससे काफी खुश हूं. मगर वो पहले जैसे थे, वैसे अब नहीं हैं. हमारे सबसे खुशी के पलों में, हम एक बहुत ही खुशमिजाज, स्ट्रॉन्ग और पॉजिटिव फैमिली थे, और उसमें उनका बहुत बड़ा योगदान था.' श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को हुआ था, जब वो यूएई में थीं. इस दौरान जाह्नवी अपने बॉलीवुड डेब्यू फिल्म 'धड़क' की तैयारी में थीं. उनकी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट थी.
बात करें जाह्नवी की आने वाली फिल्म के बारे में, तो वो जल्द तेलुगू स्टार राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' में दिखने वाली हैं. ये फिल्म 30 अप्रैल को आनी है, जिसमें मिर्जापुर वाले दिव्येंदु शर्मा भी होंगे.