scorecardresearch
 

दिल्ली: नाइटक्लब में महिला पर बियर गिरी तो कर दिया मर्डर, बाउंसरों ने शख्स को पीट-पीटकर मार डाला

दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके के एक नाइटक्लब में महिला पर बीयर गिरने के बाद विवाद हुआ. आरोप है कि बाउंसरों और वेटरों ने 29 वर्षीय ड्राइवर दलजीत और उसके दोस्तों को पीटा. गंभीर चोटों से दलजीत की मौत हो गई.

Advertisement
X
महिला पर बीयर गिरी जिसके बाद झगड़ा शुरू हो गया.(Photo: Representational)
महिला पर बीयर गिरी जिसके बाद झगड़ा शुरू हो गया.(Photo: Representational)

दिल्ली में एक नाइटक्लब के अंदर बीयर गिरने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत की वजह बन गया. आरोप है कि महिला पर बीयर गिरने के बाद हुए झगड़े में क्लब के बाउंसरों ने 29 वर्षीय ड्राइवर दलजीत और उसके दोस्तों की बेरहमी से पिटाई की. 

इस दौरान क्लब के वेटर भी मारपीट में शामिल हो गए. गंभीर रूप से घायल दलजीत की मौत हो गई. पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना शनिवार देर रात सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में स्थित एक नाइटक्लब में हुई. रघुवीर नगर निवासी दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ क्लब गया था. वहां उसके एक दोस्त की बीयर एक महिला पर गिर गई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया.

आरोप है कि बहस बढ़ने पर क्लब के बाउंसरों ने दलजीत और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी. दलजीत की ओर से माफी मांगने के बावजूद हमला नहीं रुका. सूत्रों के अनुसार, क्लब के वेटर भी मारपीट में शामिल हो गए और दलजीत व उसके दोस्तों को डंडों और कांच की बोतलों से पीटा.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कोर्ट परिसर में गोली मारकर किया था पत्नी का मर्डर, 4 साल बाद पूर्व फौजी को बॉम्बे हाईकोर्ट से मिली जमानत

भागने की कोशिश की तो दोबारा पीटा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दलजीत और उसके दोस्तों ने हमलावरों से बचकर निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें वापस अंदर खींच लिया और फिर से मारपीट की. इस हमले में दलजीत को सबसे गंभीर चोटें आईं. बताया गया कि उसके दोस्त उसे रघुवीर नगर स्थित घर ले गए. वहां एंट्री गेट के पास ही वह गिर पड़ा. इसके बाद उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

29 वर्षीय दलजीत अपने पीछे पत्नी, आठ साल के बेटे और पिता को छोड़ गया है. घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है. जांच के तहत नाइटक्लब का सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर भी जब्त किया गया है. पुलिस फुटेज की जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की भूमिका और मारपीट की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

यह भी पढ़ें: बेटी की दो शादियां टूटीं, पत्नी पर भी था शक... लखनऊ डबल मर्डर की इनसाइड स्टोरी

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement