
घर में किलकारी गूंजी, खुशियां दोगुनी हुईं और उधर गैराज में एक नई नवेली लग्जरी कार की एंट्री हो गई. रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के घर दूसरी बेटी के जन्म के बाद जश्न का माहौल है. इसी खुशनुमा पल को सेलिब्रेट करने के लिए रणवीर सिंह ने इस नवरात्री नई इलेक्ट्रिक कार BMW i7 खरीदी है. कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा, रफ्तार ऐसी कि पलक झपकते ही 100 की स्पीड और फीचर्स ऐसी कि पिछली सीट पर बैठिए तो सड़क पर चलता-फिरता थिएटर महसूस हो.
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण हाल ही में दूसरी बेटी के माता-पिता बने हैं. इस खुशी के बीच रणवीर अपनी नई BMW i7 को लेकर चर्चा में हैं. ऑनलाइन सामने आए एक वीडियो में रणवीर काले कपड़ों में शोरूम से बाहर निकलते और फिर खुद अपनी नई कार चलाकर ले जाते नजर आए. इस कार की कीमत वेरिएंट और फीचर्स के हिसाब से 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.
यह भी पढें: ERTIGA छोड़... इस 7-सीटर फैमिली कार पर टूटे लोग, बनी नंबर 1
यह खरीदारी ऐसे समय में हुई है, जब BMW India ने रणवीर सिंह को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, BMW i7 उनकी प्राइवेट कार है. और BMW i7 रणवीर सिंह के गैराज में शामिल होने वाली दूसरी इलेक्ट्रिक कार है. इससे पहले उनके पास GMC Hummer EV भी मौजूद है.
कैसी है BMW i7
BMW i7 केवल अपने लग्जरी फीचर्स के लिए ही नहीं, बल्कि दमदार इलेक्ट्रिक परफॉर्मेंस के लिए भी जानी जाती है. इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं, जो मिलकर 449 bhp की पावर और 600 Nm का टॉर्क जेनरेट करते हैं. कंपनी का दावा है कि, यह इलेक्ट्रिक सेडान महज 5.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 210 किलोमीटर प्रति घंटा है.

इस लग्ज़री सेडान में 112.5 kWh का बैटरी पैक मिलता है और कंपनी के मुताबिक, यह WLTP स्टैंडर्ड के अनुसार एक बार फुल चार्ज करने पर 728 किलोमीटर तक चल सकती है. वहीं BMW i7 का ज्यादा पावरफुल M70 xDrive वेरिएंट परफॉर्मेंस के मामले में एक कदम आगे है. इसमें 671 bhp की पावर और 1,015 Nm का टॉर्क मिलता है. यह वेरिएंट महज 3.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है. इसकी टॉप स्पीड 250 किलोमीटर प्रति घंटा है. हालांकि, ज्यादा पावर के चलते इसकी WLTP रेंज 686 किलोमीटर रह जाती है.
थिएटर से कम नहीं केबिन
BMW i7 की सबसे बड़ी खासियत इसका शानदार केबिन और एडवांस टेक्नोलॉजी है. इसमें BMW पैनारोमिक विजन डिस्प्ले दिया गया है, जो डैशबोर्ड पर ट्रेडिशनल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की जगह दिया गया है. इसके अलावा, कार में 17.9 इंच की टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट स्क्रीन मिलती है, जो BMW OS X पर काम करती है. आगे बैठने वाले पैसेंजर के लिए भी 14.6 इंच की अलग स्क्रीन दी गई है.

यह भी पढें: Fortuner वाले भी मुड़-मुड़ देखेंगे! इस दिन आ रही भौकाली SUV
पीछे बैठने वाले यात्रियों के मनोरंजन का भी खास ध्यान रखा गया है. कार में 31.3 इंच की बड़ी एंटरटेनमेंट स्क्रीन मिलती है, जो सफर के दौरान थिएटर जैसा एक्सपीरिएंस देने के लिए तैयार की गई है. इसके अलावा, बटन दबाते ही अपने आप बंद होने वाले पावर्ड डोर और Dolby Atmos सपोर्ट वाला साउंड सिस्टम इसके लग्जरी एक्सपीरिएंस को और बेहतर बनाते हैं.
कुल मिलाकर, BMW i7 रणवीर सिंह के लग्जरी कार कलेक्शन में एक शानदार इजाफा है. दमदार इलेक्ट्रिक मोटर, लंबी ड्राइविंग रेंज और हाई-टेक केबिन के साथ यह कार दिखाती है कि लग्जरी सेडान की दुनिया में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का दबदबा लगातार बढ़ रहा है. रणवीर के कलेक्शन में लैम्बोर्गिनी उरूस, मर्सिडीज मेबैक जीएलएस 600, रेंज रोवर और एस्टन मार्टिन जैसी कारें भी मौजूद हैं.