सऊदी अरब और बहरीन को जोड़ने वाले पुल किंग फहद कॉजवे को मंगलवार सुबह ईरानी हमलों के खतरों की वजह से बंद कर दिया गया है. किंग फहद कॉजवे अथॉरिटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस संबंध में आधिकारिक ऐलान किया है. अथॉरिटी ने सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत को निशाना बनाकर किए जाने वाले ईरानी हमलों की आशंका के चलते एहतियाती तौर पर वाहनों की आवाजाही निलंबित कर दी है.
25 किलोमीटर लंबा यह पुल बहरीन के लिए अरब पेनिनसुला से जुड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग है. बहरीन में ही अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा स्थित है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को मंगलवार रात 8 बजे (EDT) तक होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने का अल्टीमेटम दिया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने शर्त न मानने पर ईरान के पावर प्लांट और पुलों को बम से उड़ाने की सीधी चेतावनी दी है.
सुरक्षा कारणों से थमी वाहनों की रफ्तार
सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत पर ईरानी हमले के खतरे को देखते हुए किंग फहद कॉजवे अथॉरिटी ने वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है. अथॉरिटी ने कहा है कि यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए उठाया गया है. 15.5 मील लंबा यह समुद्री पुल दोनों देशों के बीच व्यापार और यातायात की मुख्य लाइफलाइन माना जाता है.
यह पुल बहरीन के लिए सामरिक रूप से बेहद जरूरी है. बहरीन अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े का ठिकाना भी है, जिसे देखते हुए इस क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. पुल बंद होने से दोनों देशों के बीच सड़क परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है.
यह भी पढ़ें: विटकॉफ की ईरानी नेताओं से हुई बात, जेडी वेंस भी स्टैंडबाई पर... क्या आज ही सीजफायर का होगा ऐलान?
ट्रंप का डेडलाइन और बमबारी की धमकी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अल्टीमेटम खत्म होने की घड़ी नजदीक आ रही है. उन्होंने ईरान को होर्मुज़ स्ट्रेट फिर से खोलने के लिए मंगलवार रात 8 बजे तक का वक्त दिया है. ट्रंप ने साफ लहजे में कहा है कि अगर समय सीमा तक रास्ता नहीं खुला, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट और बुनियादी ढांचे पर हमला करेगा.