Falahari Aloo Bhujia Recipe: कुट्टू की पूरी के साथ बनाएं कुरकुरी आलू भुजिया, मिनटों में तैयार होगा टेस्टी फलाहार
Falahari Aloo Bhujia Recipe: नवरात्रि व्रत में अगर आप कुछ टेस्टी और अलग खाना चाहते हैं तो इस बार कुरकुरी आलू भुजिया ट्राई करें. आलू, हरी मिर्च और सेंधा नमक से बनने वाली यह रेसिपी झटपट तैयार हो जाती है और खाने में भी काफी टेस्टी लगती है.
Falahari Aloo Bhujia Recipe: नवरात्रि व्रत के दौरान अगर आप हर बार आलू की सब्जी या दही-आलू खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं. आप फलाहार में व्रत वाली आलू भुजिया बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए आलू, हरी मिर्च और सेंधा नमक जैसी चीजों की जरूरत होती है. यह बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम बनती है. इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता. आप इसे कुट्टू, सिंघाड़े या राजगिरा की पूरी, पराठे, दही या फलाहारी चटनी के साथ खा सकते हैं. तो आइए जानते हैं व्रत वाली आलू भुजिया बनाते कैसे है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.
सबसे पहले आलू को छीलकर पतले और लंबे टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें 2-3 बार पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए. इसके बाद आलू का पानी निकालकर उन्हें कपड़े या किचन टॉवल से अच्छी तरह सुखा लें.
अब एक कड़ाही में घी या मूंगफली का तेल गर्म करें. इसमें बारीक कटी हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भून लें. इसके बाद कटे हुए आलू डालें और अच्छी तरह मिला लें. कड़ाही को ढककर मध्यम आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में आलू को हल्के हाथों से चलाते रहें, ताकि वे कड़ाही में चिपकें नहीं.
जब आलू लगभग पक जाएं, तो इसमें सेंधा नमक और स्वादानुसार काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब ढक्कन हटाकर आलू को 4-5 मिनट तक और पकाएं. इससे आलू बाहर से हल्के कुरकुरे हो जाएंगे. ध्यान रखें कि आलू को चलाते समय वे टूटें नहीं.
जब आलू अच्छी तरह पक जाएं और हल्के कुरकुरे हो जाएं, तो गैस बंद कर दें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा नींबू का रस डालकर मिला सकते हैं. तैयार है आपकी व्रत वाली आलू भुजिया. इसे कुट्टू या राजगिरा की पूरी, दही या फलाहारी चटनी के साथ गरमागरम परोसें.