पंजाब के मनसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की आज सुबह गोली मार कर हत्या कर दी गई. परविंदर झोटा पंजाब में नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री का मुद्दा उठाते थे. पंजाब में गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
नशा-विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा एक फार्मेसी पर गए थे और दुकान के मालिक से उस व्यक्ति के बारे में पूछा, जिसने कथित तौर पर उसी सुबह वहां से ड्रग्स खरीदे थे. इस बात को लेकर दोनों के बीत बहस शुरू हो गई. इसी दौरान दुकान में मौजूद व्यक्ति ने झोटा पर गोलियां चला दी. गोलियां उनके शरीर के आर-पार हो गई जिससे उनकी मौत हो गई.
इस फायरिंग में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं. वारदात के बाद दुकान का मालिक दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलती ही पुलिस और झोटा के समर्थक घटनास्थल पर एकत्रित हो गए.
राजा वड़िंग ने सरकार पर साधा निशाना
पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस मामले को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि परविंदर सिंह झोटा ने पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाई थी, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने उनके प्रयासों का समर्थन नहीं किया.
शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर सवाल उठाए. पार्टी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि वे कार्रवाई करने के लिए आखिर किसका इंतजार कर रहे हैं.
किस दिशा में जा रहा पंजाब: मजीठिया
शिरोमणि अकली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी इस मामले में भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने नशा-विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या का जिक्र करते हुए दावा किया कि वह अपने कैमरे पर ड्रग डीलर्स को दिखा रहा था, तभी चिट्टा बेचने वाले मेडिकल शॉप के मालिक ने उसे गोली मार दी.
मजीठिया ने परविंदर झोटा की हत्या को लेकर पंजाब सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपने सार्वजनिक कार्यक्रमों में चिट्टे को लेकर सवालों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि मोहनजीत शेरॉन और गुलजार सिंह समेत पंजाब में कई लोग नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं. मजीठिया ने दावा किया कि इस साल अब तक पांच पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या की जा चुकी है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पंजाब किस दिशा में जा रहा है?
मानसा में परविंदर झोटा की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. परमिंदर झोटा के समर्थकों की ओर से मानसा के 12 हाटा चौक पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है. विरोध के चलते बाजार भी बंद कर दिया गया है. वहीं इस हमले में परमिंदर झोटा के अलावा चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं. घायलों में 65 वर्षीय बलतेज सिंह, 42 वर्षीय कुलविंदर सिंह, 24 वर्षीय हैप्पी सिंह और 30 वर्षीय गोबिंद सिंह शामिल हैं. इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें इलाज के लिए बठिंडा रेफर किया गया है.