कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में लिए जाने के बाद उनकी ओर से एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो मैसेज जारी किया गया है. इस वीडियो में दिपके ने कहा है कि उन्हें हिरासत में लिए जाने के बाद अब अजिंक्य शिंदे आंदोलन का नेतृत्व करेंगे. दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन के बीच यह वीडियो संदेश सामने आया है.
वीडियो में दिपके कह रहे हैं कि 'अगर आप ये वीडियो देख रहे हैं तो इसका मतलब है कि मैं, आशुतोष रांका और सौरव दास तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. ऐसी स्थिति में अब इस आंदोलन आंजिक्य शिंदे लीड करेंगे.'
बता दें कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया गया है. कॉकरोच जनता पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई की निंदा की है.
चाहे नेतृत्व हो या नहीं, प्रदर्शन जारी रहेगा- बोले अभिजीत दिपके
अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा इंदिरा गांधी के समय भी नहीं हुआ था. दिपके ने इसे इंदिरा गांधी सरकार से भी खराब स्थिति बताया और कहा कि वे गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं. वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा कि वह अपने रुख पर अडिग है. पार्टी का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग को लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. सीजेपी ने साफ कहा है कि चाहे नेतृत्व साथ हो या नहीं उनका प्रदर्शन जारी रहेगा.
CJP ने लोगों से की प्रोटेस्ट में शामिल होने की अपील
'कॉकरोच जनता पार्टी' की ओर से जारी प्रेस रिलीज में लोगों से आगे आकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है. इसमें कहा गया है, 'CJP का नेतृत्व देश के युवाओं और हर नागरिक से आग्रह करता है कि वे आगे आएं और महात्मा गांधी और डॉ. बी.आर. अंबेडकर के सिद्धांतों पर इस आंदोलन का नेतृत्व करें.'
फ्लाइट से ही हिरासत में लिए गए थे अभिजीत दिपके
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) संस्थापक अभिजीत दिपके को IGI एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया है. अभिजीत दिपके के अलावा सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस अधिकारियों के विमान में दाखिल होते ही अंदर हंगामे की स्थिति बन गई. पुलिस और सीजेपी नेताओं के बीच बातचीत हुई और इसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया.