राजधानी दिल्ली में सीजेपी आंदोलन को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है. किसी भी तरह के संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस ने हर तरफ सुरक्षा इंतजाम कर रखे हैं. जिसका सीधा असर यातायात पर पड़ रहा है. सबसे ज्यादा दिक्कतें आवाजाही कर रहे लोगों को हो रही हैं.
मथुरा रोड से सामने आई तस्वीरों में लोगों की परेशानी साफ देखी जा सकती है. यात्री लंबे समय से लोग सड़कों पर गाड़ियों का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों की तलाशी ली जा रही है, जिससे आम दिनों के मुकाबले गाड़ियों की संख्या काफी कम है.
हालांकि डीटीसी बसें सड़क पर चलती नजर आ रही हैं, पर यात्रियों की संख्या के हिसाब से बसों की संख्या नाकाफी है. मथुरा के सरिता विहार में लोग सुबह से ही परेशानी का सामना कर रहे हैं.
परेशान यात्रियों ने सुनाई आपबीती
एक परेशान यात्री ने बताया कि वह मथुरा से जॉब करने के लिए हर रोज दिल्ली तक का सफर तय करते हैं. आम दिनों में वह आवाजाही के लिए मेट्रो का सहारा लेते थे. लेकिन आज प्रदर्शन के चलते उन्हें यहां तक आने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है. अब वापस जाने के लिए वह काफी देर से इंतजार में खड़े हैं, लेकिन उन्हें गाड़ियां नहीं मिल रही हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में CJP के प्रोटेस्ट को लेकर यूपी में अलर्ट, 20 जिलों से फोर्स भेजी गई, 500 महिला कॉन्स्टेबल भी शामिल
वहीं दूसरे यात्री ने बताया कि तमाम मुश्किलें उठाकर वह सरिता विहार पहुंचे हैं, लेकिन अब आगे जाने के लिए उन्हें भी वाहन नहीं मिल रहा. प्रदर्शन और मौजूदा हालातों को देखते हुए मेट्रो और तमाम सड़कें बंद कर दी गई हैं. इन फैसलों पर लोगों में आक्रोश भी नजर आ रहा है. नाराज लोगों का मानना है कि प्रदर्शन से सड़कें बंद नहीं होनी चाहिए. फिलहाल दिल्ली में तनाव के हालात लगातार बने हुए हैं.