scorecardresearch
 

महिला कांस्टेबल ने कराया MLC, NSUI प्रदर्शनकारी का आरोप- गला दबाया, कान में धंसी बाली, थाने में भी पीटा

दिल्ली के नई दिल्ली इलाके में NSUI के प्रदर्शन के दौरान महिला कांस्टेबल चंचल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को संभालने के दौरान एक NSUI कार्यकर्ता ने बस की चाबी छीनकर जमीन पर फेंक दी. रोकने की कोशिश करने पर महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट का आरोप है. कांस्टेबल ने मेडिकल कराया और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी.

Advertisement
X
बस में गला दबाने और थाने में डंडे मारने का आरोप. (Photo: Screengrab)
बस में गला दबाने और थाने में डंडे मारने का आरोप. (Photo: Screengrab)

दिल्ली में NSUI के प्रदर्शन के दौरान महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट का मामला बढ़ता जा रहा है. दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला कांस्टेबल चंचल नई दिल्ली इलाके में तैनात है और घटना के समय ड्यूटी पर थी. इसी दौरान NSUI के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों का रवैया काफी आक्रामक बताया जा रहा है. पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को संभालने की कोशिश कर रहे थे, तभी विवाद बढ़ गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को संभालने के दौरान NSUI की एक महिला कार्यकर्ता ने बस की चाबी छीन ली और उसे बस से बाहर जमीन पर फेंक दी. महिला कांस्टेबल चंचल ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोप है कि NSUI की महिला कार्यकर्ता ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान महिला कांस्टेबल को बस से बाहर जमीन पर गिरा देने का भी आरोप है.

घटना के बाद महिला कांस्टेबल ने अपना मेडिकल लीगल केस (MLC) कराया. उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में महिला कांस्टेबल के साथ हुई कथित मारपीट को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है. दूसरी तरफ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गई एक महिला प्रदर्शनकारी ने भी पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रदर्शनकारी का आरोप है कि महिला कांस्टेबल चंचल यादव और अन्य पुलिसकर्मियों ने हिरासत के दौरान उसके साथ मारपीट की. उसके मुताबिक, हिरासत में लेने के बाद उसे डिटेंशन बस के अंदर पीटा गया.

महिला कांस्टेबल ने कराया मेडिकल

प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि महिला कांस्टेबल ने उसका गला दबाया, नाखूनों से खरोंचा और थप्पड़ मारे. इस कथित मारपीट के दौरान उसके कान में पहनी बाली धंस गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में इलाज कराना पड़ा. प्रदर्शनकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे बाद में पुलिस थाने के कमरा नंबर 107 में ले जाया गया. वहां सादे कपड़ों में मौजूद कई पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की. प्रदर्शनकारी के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने उसे डंडों और मुक्कों से कई बार मारा.

Advertisement

थाने के कमरे में भी पिटाई का आरोप

उसने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान पुलिसकर्मियों ने राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने को लेकर उसके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कीं. प्रदर्शनकारी के अनुसार, इस कथित घटना के बाद उसे अस्पताल में उपचार की जरूरत पड़ी. इस मामले में एक तरफ पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान महिला कांस्टेबल चंचल के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है. वहीं, दूसरी तरफ हिरासत में ली गई प्रदर्शनकारी ने महिला कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मियों पर शारीरिक हिंसा के गंभीर आरोप लगाए हैं. फिलहाल उपलब्ध जानकारी में दोनों पक्षों के आरोप सामने आए हैं. महिला कांस्टेबल ने मेडिकल कराने के साथ वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी है. प्रदर्शनकारी ने भी हिरासत के दौरान मारपीट और अस्पताल में इलाज कराने का दावा किया है. दोनों पक्षों के आरोपों के बीच मामले में घटनाक्रम और आरोपों की पुष्टि महत्वपूर्ण होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement