एक्टर टाइगर श्रॉफ को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. रविवार शाम टाइगर पर जुहू में फायरिंग की गई है. टाइगर पर फायरिंग करने बाइक पर 3 लोग आए थे. 2 गोली चलाने चला रहे थे, जबकि एक बाइक तैयार बैठा था.
इस अटैक में टाइगर बिल्कुल सुरक्षित हैं. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है. विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधु के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है, जो कि लॉरेंस गैंग के सदस्य हैं. हालांकि, पोस्ट की प्रामाणिकता और इसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टाइगर की BMW कार पर कई राउंड फायरिंग की गई. इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर को इलाज के लिए नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि टाइगर फुटबॉल मैच खेलने के बाद घर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पर फायरिंग हुई. घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन कर टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना की जानकारी ली है. उन्होंने पुलिस आयुक्त को तत्काल तेजी से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. वहीं महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने भी टाइगर श्रॉफ के परिवार से फोन पर बात कर उनका हाल जाना है.
डीसीपी का बयान
डीसीपी मोहित गर्ग, जोन-1, पश्चिमी क्षेत्र ने स्पष्ट किया कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें इस फायरिंग में कोई चोट नहीं आई है. मामले में आगे की जांच जारी है. डीसीपी मोहित ने मीडिया संग बातचीत में बताया कि जब वो गाड़ी में बैठ के वापस जा रहे थे तब की ये घटना है. टाइगर श्रॉफ जी के कोई गोली नहीं लगी है. वो पूरी तरीके से सेफ हैं. इसमें पुलिस ने मुंबई पुलिस ने अलग-अलग टीम्स गठित करके आगे की कारवाई शुरू कर दी है. फोरेंसिक टीम ने प्रीलिमिनरी फोरेंसिक एनालिसिस शुरू कर दिया है. डीसीपी ने कहा कि कितने राउंड फायरिंग हुई है. इस पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी है.
ये बहुत ही प्रीलिमिनरी इन्वेस्टिगेशन है. इस समय पर कुछ भी कमेंट करना उचित नहीं होगा, लेकिन मुंबई पुलिस पूर्ण तरीके से काम कर रही है. 15 टीम गठित की गई हैं. जल्दी आगे इन्फॉर्मेशन शेयर की जाएगी. फायरिंग में दो लोग जख्मी हुए हैं. इसमें से एक ड्राइवर है फिरदोस है, जिनके हाथ में चोट आई है.
पिता जैकी श्रॉफ की टीम का आया बयान
फायरिंग की घटना के बाद टाइगर की सुरक्षा को लेकर उनके पिता जैकी श्रॉफ की टीम ने स्थिति स्पष्ट की है. आजतक से बातचीत में जैकी श्रॉफ की टीम ने पुष्टि की कि टाइगर सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. टीम ने कहा, 'टाइगर ठीक हैं.' इससे पहले पुलिस ने भी स्पष्ट किया था कि टाइगर श्रॉफ को फायरिंग की वारदात में कोई चोट नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन, एक शख्स को हिरासत में लिया
फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है. मामले की जांच और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की 12 टीमें बनाई गई हैं. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग किस वजह से की गई और इसके पीछे किसका हाथ है.
लॉरेंस गैंग ने पोस्ट में क्या लिखा
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से किए गए सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि टाइगर को पहले भी फोन करके धमकी दी गई थी. गैंगस्टर अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'जय महाकाल... जय श्रीराम.... सभी भाइयों को राम राम... आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है. इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं. हमने इसको कॉल करके समझाया था. लेकिन इसे समझ नहीं आया. इसलिए आज इसे बढ़िया तरीके से समझा दिया गया है. जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा. अगला नंबर उसका होगा. वेट एंड वॉच. कुछ और ग्रुप के लोग जो हमारे नाम से फेम लेने की सोचते हैं. इनको जल्द ही मार कर फेमस करेंगे. '
यह भी पढ़ें: 'टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वालों को उन्हीं की भाषा में मिलेगा जवाब', बोले डिप्टी CM एकनाथ शिंदे

टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग ने फैन्स को चिंता में डाल दिया है. फैन्स टाइगर के सुरक्षित होने की दुआ कर रहे हैं. फिलहाल टाइगर के साथ कब, क्या और कैसे हुए इस बारे में विस्तार से वही बता सकते हैं. बता दें कि घटना के वक्त बॉलीवुड प्रोड्यूसर बंटी वालिया, टीवी एक्टर अभिषेक बजाज और करण वीर मेहरा वहां मौजूद थे.