हरियाणा के करनाल में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव के मामले में पुलिस ने जांच के बाद इसे पार्किंग विवाद बताया है. पुलिस का कहना है कि बस और कार में सवार लोगों के बीच रास्ता देने को लेकर कहासुनी हुई थी. विवाद बढ़ने पर बस के शीशे तोड़ दिए गए. पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार भी किया है. उसका कहना है कि जांच में किसी राज्य या क्षेत्र विशेष के लोगों के खिलाफ नफरत से जुड़ा पहलू सामने नहीं आया है.
यह घटना 17 अक्टूबर की रात नीलोखेड़ी इलाके में डिवाइन स्टार ढाबे के पास हुई. दिल्ली से श्रीनगर जा रही स्लीपर बस यहां खाना खाने के लिए रुकी थी. इसी दौरान बस में सवार एक यात्री और कार में बैठे दो युवकों के बीच पार्किंग को लेकर बहस हो गई. आरोप है कि कार सवार युवकों ने बस की खिड़कियों पर ईंटों से हमला किया. इससे बस के शीशे टूट गए. घटना में बस में सवार एक यात्री को चोट भी लगी.
बस ड्राइवर ने लगाए थे गंभीर आरोप
बस के ड्राइवर वकार ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने जम्मू-कश्मीर नंबर की गाड़ी को लेकर आपत्ति जताई थी. उसके मुताबिक, एक व्यक्ति ने बस को 'आतंकवादी गाड़ी' कहकर वहां से जाने को कहा. ड्राइवर ने बस का शीशा तोड़ने, नंबर प्लेट को नुकसान पहुंचाने और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया था.
हालांकि, करनाल पुलिस ने मामले की जांच के बाद पार्किंग को लेकर विवाद होने की बात कही है. पुलिस के मुताबिक, झगड़े में शामिल लोगों ने शराब पी रखी थी. रास्ता देने को लेकर शुरू हुई बहस बढ़ गई, जिसके बाद बस के शीशे तोड़े गए. पुलिस ने कहा है कि अब तक की जांच में हेट क्राइम से जुड़ा कोई पहलू सामने नहीं आया है.
दो युवकों को गिरफ्तार में लिया, कार जब्त
पुलिस ने करनाल निवासी मोहित और सावन को गिरफ्तार किया है. घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की मारुति बलेनो कार को भी जब्त कर लिया गया है.
पुलिस के अनुसार, घटना के समय कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई थी. दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद बस श्रीनगर के लिए रवाना हो गई. बाद में डिवाइन स्टार ढाबे के प्रबंधक ने शिकायत दी. इसके आधार पर बुटाना थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.
डीएसपी राजीव कुमार ने पुलिस की ओर से जारी वीडियो में बताया कि जांच में पार्किंग विवाद की बात सामने आई है. डीएसपी सोनू नरवाल ने भी लोगों से सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करने की अपील की. पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.
उमर अब्दुल्ला ने जताई थी नाराजगी
इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नाराजगी जताई थी. उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा सरकार और पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने भी कहा था कि राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है. उनके मुताबिक, करनाल के एसएसपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल मामले में पुलिस की कानूनी कार्रवाई जारी है.