
नवरात्रि में कन्या पूजन का खास महत्व होता है. नौ दिन मां की आराधना करने के बाद लोग अष्टमी और नवमी तिथि को अपने घरों में कन्या पूजन करते हैं. इस दिन छोटी बच्चियों को मां दुर्गा का रूप मानकर उनकी पूजा की जाती है. आम घरों की तरह बॉलीवुड सेलेब्स भी अष्टमी-नवमी को कन्या पूजन करते हैं. अष्टमी के दिन कपूर खानदान में भी कन्या पूजन किया गया, जिसकी झलक नीतू कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिखाई.
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की बेटी राहा कपूर इस खास मौके पर कंजक बनीं, तो उनकी दादी नीतू कपूर ने पूरे रीति-रिवाज के साथ पूजा की. इस दौरान राहा का अंदाज भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. जहां आमतौर पर कन्या पूजन के दौरान बच्चियां ट्रेडिशनल कपड़ों में नजर आती हैं, वहीं राहा ऑरेंज टॉप और ब्लू जींस पहने दिखाई दी.
नीतू कपूर ने घर पर किया कन्या पूजन
नीतू कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कन्या पूजन की तस्वीरें और वीडियो शेयर किया है. उन्होंने घर पर कन्या पूजन के लिए खास तैयारी की थी. बालकनी में स्थापित मंदिर को फूलों और पारंपरिक चीजों से सजाया गया था. वहां माता रानी की संगमरमर की सुंदर प्रतिमा भी स्थापित की गई थी. पूरे पूजाघर को त्योहार के हिसाब से सजाया गया था. वहां पर कलश और ज्वार भी दिखाई दे रहे थे.
सिंपल कुर्ता सेट में दिखीं नीतू कपूर
अष्टमी पर कन्या पूजन के खास मौके के लिए नीतू कपूर पिंक और वाइट कलर का फ्लोरल प्रिंटेड कुर्ता सेट पहने दिखाई दीं. उनका लुक सिंपल होने के साथ ही काफी खूबसूरत लग रहा था. पूजा के दौरान उन्होंने बिल्कुल पारंपरिक तरीके से कन्या पूजन किया.

ऑरेंज टॉप और जींस में कंजक बनी राहा
कन्या पूजन की तस्वीरों में सबसे ज्यादा ध्यान राहा कपूर ने खींचा. रणबीर और आलिया की लाडली इस मौके पर ब्राइट ऑरेंज टॉप और ब्लू जींस पहने नजर आई. राहा का ये कैजुअल लुक काफी प्यारा लग रहा था.
तस्वीरों में राहा ग्रे रंग के गोल स्टूल पर बैठी दिखाई दे रही है. वहीं, दादी नीतू कपूर उनके पैर धोकर पूजा की रस्में निभाती नजर आ रही हैं. परिवार के इस खास पल में एक और बच्चा भी दिखाई दे रहा है. राहा का ये अंदाज इसलिए भी खास है, क्योंकि इसमें वो बड़े ही प्यार से कंजक बनी दिख रही है.