म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने कई बार अपने फैमिली इश्यूज पर खुलकर बात की है. उन्होंने बताया है कि कैसे पिता डब्बू मलिक ने अपने करियर में काफी कुछ सहा. अमाल ने अपने चाचा अनु मलिक को लेकर भी कई बयान दिए हैं. अब सिंगर ने एक और शॉकिंग खुलासा किया है.
अमाल मलिक का कहना है कि उनके पिता डब्बू मलिक, सूरज बड़जात्या की हिट फिल्म 'मैंने प्यार किया' के असली हीरो थे. उन्होंने फिल्म का कुछ हिस्सा शूट भी कर लिया था. लेकिन तभी अचानक सलमान खान ने उन्हें रिप्लेस कर लिया और डब्बू मलिक को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई.
कैसे डब्बू मलिक के हाथ लगी थी सलमान की फिल्म?
फिल्मफेयर को दिए हालिया इंटरव्यू में अमाल ने कहा- मेरे पापा जब करीब 34-35 साल के थे, तब वो बहुत परेशान थे. मैंने उन्हें कुर्सी पर बैठे देखा है- बिल्कुल हैरान और कन्फ्यूज, सोच रहे थे कि अब क्या करें. उन्होंने एक्टिंग करने की कोशिश की थी. उन्होंने फिल्म मैंने प्यार किया के पहले दो शेड्यूल में हीरो के रोल में शूटिंग भी की थी. पहली बार जब सुरज बड़जात्या के पापा ने उनसे कहा था कि शूटिंग शुरू कर दो और प्रोसेस सीख लो.
'क्योंकि कहानी बहुत अच्छी है, पहले फ्लो में आ जाओ. और वहां एक और लड़की थी, फोटोशूट वगैरह सब हो चुका था और फिल्म की शूटिंग भी हो गई थी. उसी बीच में कहीं, एक बहुत ज्यादा हैंडसम लड़का आया, और वो थे सलमान खान. मेरे पापा आज भी वो याद करके बताते हैं कि मैं बड़जात्या ऑफिस की सीढ़ियां उतर रहा था, तभी मुझे एक जवान, बहुत अच्छा दिखने वाला लड़का दिखा, जिसके बाल मुलेट स्टाइल में थे.'
रिप्लेस होने की कैसे मिली जानकारी?
अमाल ने आगे बताया कि जब उनके पिता डब्बू मलिक ने ऑफिस के सिक्योरिटी गार्ड से सलमान के बारे में पूछा, तब जाकर उन्हें मालूम हुआ कि वो फिल्म में रिप्लेस हो चुके हैं. उनके पिता परेशान तो जरूर हुए, लेकिन फिर वो इसमें कुछ कर नहीं सके. अमाल ने कहा कि जब काफी सालों बाद डब्बू मलिक ने सलमान के भाई सोहेल की फिल्म के लिए गाना बनाया, तब उन्होंने ये बात सलमान को भी बताई थी.
फिल्म मैंने प्यार किया सलमान खान के करियर की ब्रेकथ्रू फिल्म है. इसके बाद से उनकी पॉपुलैरिटी काफी ज्यादा बढ़ गई और धीरे-धीरे करके वो आज एक सुपरस्टार बन गए. अब सलमान जल्द दो फिल्मों में नजर आने वाले हैं. उनकी पहली फिल्म मातृभूमि होगी, जो शायद इसी साल रिलीज होगी. फिर अगले साल ईद के मौके पर वो साउथ फिल्ममेकर्स के साथ बन रही अनटाइटल्ड फिल्म लेकर आएंगे, जिसकी शूटिंग दो दिन पहले ही शुरू हुई है.