scorecardresearch
 

IND vs WI: जरा सी लापरवाही...पड़ गई भारी, शर्मनाक तरीके से रन आउट हुए तिलक वर्मा! मैदान पर हुआ अजीब ड्रामा

भारत और वेस्टइंडीज मैच के दौरान तिलक वर्मा अजीब तरीके से रन आउट होकर पवेलियन लौटे. तिलक वर्मा इस बात से अनजान थे कि गेंद बाउंड्री लाइन के अंदर ही है, जिसका फायदा वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने उठाते हुए उन्हें रन आउट कर दिया.

Advertisement
X
तिलक वर्मा के साथ ये क्या हुआ? (PHOTO: JioHotstar screengrab)
तिलक वर्मा के साथ ये क्या हुआ? (PHOTO: JioHotstar screengrab)

इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय पारी के दौरान एक बेहद हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला. क्रीज पर शानदार बल्लेबाजी कर रहे तिलक वर्मा एक छोटी सी लापरवाही के चलते बेहद अजीब तरीके से रन-आउट हो गए.

यह घटना भारतीय पारी के 17वें ओवर के दौरान तब घटी जब अक्षर पटेल ने गुडाकेश मोती की गेंद को डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में खेला. वेस्टइंडीज के फील्डर कामिल पूरन ने गजब की चुस्ती दिखाते हुए डाइव लगाकर गेंद को बाउंड्री पार जाने से रोक लिया और वापस मैदान में फेंक दिया.

अक्षर और तिलक को लगा कि गेंद चौके के लिए चली गई है, जिसके बाद दोनों बल्लेबाज पिच के बीच में एक-दूसरे से ग्लव्स मिलाकर जश्न मनाने लगे. लेकिन गेंद असल में बाउंड्री के अंदर ही थी. विंडीज खिलाड़ियों ने बिना देर किए मुस्तैदी दिखाई. 

अक्षर पटेल ने तो जैसे-तैसे दौड़कर अपना बल्ला क्रीज में पहुंचा दिया, लेकिन तिलक वर्मा पूरी तरह से बेखबर क्रीज से बाहर ही खड़े रहे. गेंद तुरंत मोती के पास फेंकी गई और उन्होंने गिल्लियां बिखेर दीं. थर्ड अंपायर ने रिप्ले में जांच करने के बाद पुष्टि की कि गेंद रुकी नहीं थी और तिलक को रन-आउट करार दिया गया. आउट होने से पहले तिलक ने 16 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 28 रन बनाए.

Advertisement

इस मुकाबले में टीम इंडिया ने धमाकेदार शुरुआत की थी और पावरप्ले में ही 1 विकेट पर 87 रन बना लिए थे. अभिषेक शर्मा ने महज 30 गेंदों में 69 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 37 रन बनाए.

लेकिन इसके बाद वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और भारत ने महज 10 गेंदों के भीतर अपने 3 अहम विकेट सिर्फ 9 रनों के अंदर गंवा दिए. मिडल ऑर्डर के लड़खड़ाने और इस अजीबोगरीब रन-आउट के चलते एक समय 250 से ऊपर जाता दिख रहा भारतीय स्कोर अंत में 223 रनों पर सिमट गया 


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement