scorecardresearch
 

Weekend Trips from Delhi: दिल्ली से कुछ ही दूरी पर हैं ये 5 खूबसूरत जगहें, मिलेगा घूमने-खाने का मजा

Weekend Trips from Delhi: दिल्ली से वीकेंड पर घूमने के लिए दूर जाने या लंबे समय तक तैयारी करने की जरूरत नहीं है. आगरा, जयपुर, मथुरा-वृंदावन, रणथंभौर और अमृतसर जैसी जगहों पर आप इतिहास, धार्मिक स्थलों, जंगल सफारी और लजीज खाने का आनंद ले सकते हैं.

Advertisement
X
दिल्ली से 2 दिन की छुट्टी में घूमें ये 5 जगहें (Photo- ITG)
दिल्ली से 2 दिन की छुट्टी में घूमें ये 5 जगहें (Photo- ITG)

Weekend Trips from Delhi: अगर आप दिल्ली में रहते हैं और वीकेंड पर घूमने का प्लान बना रहे हैं लेकिन पहले से तैयारी नहीं कर पाए हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. दिल्ली से कुछ ही दूरी पर कुछ ऐसी जगहें हैं, जहां आप कम समय में पहुंचकर ऐतिहासिक इमारतों, धार्मिक स्थलों, जंगल सफारी और लजीज खाने का मजा ले सकते हैं. आगरा के ताजमहल से लेकर जयपुर के शाही किलों और रणथंभौर की जंगल सफारी तक, यहां हर तरह के ट्रैवल का अनुभव मिलेगा. ऐसे में अगर आप लास्ट मिनट में वीकेंड ट्रिप प्लान करना चाहते हैं तो दिल्ली से इन 5 जगहों पर जाने का प्लान बना सकते हैं. यहां आप दोस्तों, परिवार या अकेले भी अपनी छुट्टियों का भरपूर आनंद ले सकते हैं.

आगरा (उत्तर प्रदेश)
आगरा उन लोगों के लिए अच्छी जगह है, जिन्हें इतिहास और ऐतिहासिक इमारतें देखना पसंद है. यहां दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल है, जिसे मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में बनवाया था. इसके अलावा आप आगरा का किला और फतेहपुर सीकरी भी घूम सकते हैं. यहां के बाजार भी काफी मशहूर हैं. सदर बाजार में चमड़े के सामान और हस्तशिल्प, किनारी बाजार में कपड़े और शादी से जुड़ी चीजें खरीद सकते हैं. आगरा जाएं तो यहां का मशहूर पेठा, चाट और कचौड़ी खाना न भूलें.

जयपुर (राजस्थान)
राजस्थान की राजधानी जयपुर को पिंक सिटी के नाम से जाना जाता है. यहां आपको शाही महल, ऐतिहासिक किले और रंग-बिरंगे बाजार देखने को मिलेंगे. जयपुर में आमेर किला, हवा महल, जल महल और सिटी पैलेस घूमने के लिए मशहूर जगहें हैं. यहां के बाजारों में भी काफी रौनक रहती है. जौहरी बाजार में गहने, बापू बाजार में हस्तशिल्प और पारंपरिक सामान, जबकि नेहरू बाजार में रंग-बिरंगी जूतियां मिलती हैं. खाने के शौकीन लोग यहां दाल बाटी चूरमा, प्याज की कचौड़ी और राजस्थानी मिठाइयों का स्वाद ले सकते हैं.

Advertisement

मथुरा-वृंदावन (उत्तर प्रदेश)
अगर आप वीकेंड पर धार्मिक जगह घूमना चाहते हैं तो मथुरा-वृंदावन जा सकते हैं. भगवान कृष्ण की जन्मभूमि मथुरा और उनकी लीलाओं से जुड़ा वृंदावन देशभर में मशहूर है. यहां मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर और वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर व इस्कॉन मंदिर के दर्शन कर सकते हैं. यहां के बाजारों में पूजा का सामान और स्थानीय चीजें भी मिलती हैं. मथुरा का पेड़ा, कुल्हड़ वाली लस्सी और बेड़मी पूरी-आलू की सब्जी यहां के मशहूर स्वाद हैं. परिवार के साथ शांत और धार्मिक माहौल में समय बिताने के लिए यह जगह अच्छी रहेगी.

रणथंभौर नेशनल पार्क (राजस्थान)
अगर आपको जंगल, वन्यजीव और रोमांच पसंद है तो रणथंभौर नेशनल पार्क का रुख कर सकते हैं. राजस्थान के सवाई माधोपुर में स्थित यह टाइगर रिजर्व बाघों को देखने के लिए मशहूर है. यहां जंगल सफारी के दौरान बाघों के अलावा कई दूसरे वन्यजीव और पक्षी भी देखने को मिल सकते हैं. हालांकि, सफारी में बाघ दिखना तय नहीं है. पार्क के अंदर स्थित ऐतिहासिक रणथंभौर किला भी घूमने लायक है. यहां की यात्रा के दौरान आप राजस्थानी खाने जैसे दाल बाटी चूरमा, गट्टे की सब्जी और केर-सांगरी का स्वाद ले सकते हैं. सफारी के लिए पहले से बुकिंग और पार्क के नियमों की जानकारी जरूर लें.

Advertisement

अमृतसर (पंजाब)
अमृतसर उन लोगों के लिए बेसट है जो धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ टेस्टी खाने और खरीदारी का मजा लेना चाहते हैं. यहां स्थित स्वर्ण मंदिर यानी गोल्डन टेंपल सिख धर्म का प्रमुख धार्मिक स्थल है. यहां कीर्तन सुनने और लंगर में भोजन करने का अनुभव खास होता है. इसके अलावा आप हॉल बाजार और लॉरेंस रोड पर खरीदारी कर सकते हैं. यहां पंजाबी जूतियां, फुलकारी के कपड़े और स्थानीय सामान मिलते हैं. अमृतसर जाएं, तो अमृतसरी कुलचा, छोले-भटूरे और लस्सी का स्वाद जरूर चखें.

वीकेंड ट्रिप पर जाने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप आखिरी समय में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो जाने से पहले ट्रेन या बस की सेवा और होटल की बुकिंग जरूर चेक कर लें. रणथंभौर में सफारी के लिए पहले से टिकट बुक करना बेहतर है. वीकेंड पर इन जगहों पर भीड़ बढ़ सकती है, इसलिए समय का ध्यान रखते हुए अपनी ट्रैवल प्लानिंग करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement