LG ने भारत में अपने नए XBOOM बल्टूथ स्पीकर्स लॉन्च किए हैं. कंपनी ने इस नई सीरीज को अमेरिकी रैपर, गायक और टेक एंटरप्रेन्योर will.i.am के साथ मिलकर तैयार किया है. फिलहाल इस लाइनअप में दो मॉडल XBOOM Bounce और XBOOM Grab शामिल हैं.
कंपनी का दावा है कि इन स्पीकर्स में AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया गया है, जो गाने और आसपास के माहौल के हिसाब से साउंड को अपने आप एडजस्ट कर सकता है.
आज ब्लूटूथ स्पीकर बाजार में कई ऑप्शन्स मौजूद हैं. ऐसे में LG का फोकस सिर्फ तेज आवाज पर नहीं, बल्कि एआई फीचर्स और पोर्टेबल डिजाइन पर भी है. हालांकि इन एआई फीचर्स का असली एक्सपीरिएंस डेली यूज के बाद ही साफ हो पाएगा.
गाने को रियल टाइम AI से समझता है ये स्पीकर
LG का कहना है कि इन स्पीकर्स में AI Sound फीचर दिया गया है. यह फीचर गाने को रियल टाइम में समझने की कोशिश करता है. अगर गाने में ज्यादा वोकल हैं, भारी बेस है या म्यूजिक का अलग स्टाइल है, तो स्पीकर उसी हिसाब से अपनी साउंड प्रोफाइल बदल देता है. यानी यूजर को बार-बार Equalizer (EQ) बदलने की जरूरत नहीं पड़ती.
यह भी पढ़ें: भारत के बाद सोमालिया ने भी किया WhatsApp Username का किया विरोध, Meta की बढ़ी टेंशन
इसके अलावा कंपनी ने इसमें AI Calibration फीचर भी दिया है. यह फीचर आसपास के माहौल को पहचानकर साउंड आउटपुट को एडजस्ट करता है. उदाहरण के लिए अगर आप कमरे में गाना सुन रहे हैं, बाहर खुले मैदान में हैं या छत पर पार्टी कर रहे हैं, तो स्पीकर उसी हिसाब से आवाज को बदलने की कोशिश करेगा.
AI बेस्ड लाइटिंग
स्पीकर में AI Lighting फीचर भी दिया गया है. इसके तहत स्पीकर की लाइट्स गाने की बीट के साथ बदलती रहती हैं. इससे म्यूजिक सुनने के दौरान विजुअल इफेक्ट भी मिलता है.
मल्टिपल स्पीकर के साथ कनेक्शन
LG ने इन स्पीकर्स में LE Audio Auracast का सपोर्ट भी दिया है. इसकी मदद से एक साथ कई XBOOM स्पीकर जोड़कर एक ही ऑडियो चलाया जा सकता है. अगर फोन में Auracast सपोर्ट नहीं भी है, तब भी एक XBOOM स्पीकर को मुख्य यूनिट बनाकर दूसरे स्पीकर्स के साथ जोड़ा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: गूगल ने पहले ही भेज दिया था वेनेजुएला में भूकंप का अलर्ट, फोन पर आया था ये मैसेज
कंपनी का कहना है कि दोनों स्पीकर्स में इस्तेमाल किए गए ट्वीटर और ऑडियो ड्राइवर डेनमार्क की ऑडियो कंपनी Peerless के साथ मिलकर तैयार किए गए हैं. इसका मकसद बेहतर और संतुलित साउंड देना है.
XBOOM Bounce इस सीरीज का बड़ा मॉडल है. इसमें डुअल डोम ट्वीटर और ट्रैक-टाइप वूफर दिया गया है. स्पीकर के दोनों तरफ लगे पैसिव रेडिएटर म्यूजिक की बीट के साथ मूव करते हैं, जिससे इसका डिजाइन भी अलग नजर आता है.
पोर्टेबल और स्प्लैश प्रूफ डिजाइन
इसमें कैरी करने के लिए स्ट्रैप भी मिलता है, जिससे इसे हाथ में पकड़ना या कहीं टांगना आसान हो जाता है. यह IP67 रेटिंग के साथ आता है, यानी पानी और धूल से काफी हद तक सुरक्षित है. कंपनी के मुताबिक इसकी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 30 घंटे तक चल सकती है.
दूसरा मॉडल XBOOM Grab है, जिसे ज्यादा पोर्टेबल बनाया गया है. इसका साइज छोटा है और इसे ट्रैवल या बाहर यूज करने के हिसाब से डिजाइन किया गया है. इसमें दोनों तरफ पैसिव रेडिएटर दिए गए हैं, जिससे छोटे साइज के बावजूद बेहतर बेस मिलने का दावा किया गया है.
इसे साइकिल, बैग या दूसरी जगह स्ट्रैप की मदद से आसानी से लगाया जा सकता है. यह भी IP67 रेटिंग और मिलिट्री स्टैंडर्ड 810G टेस्टिंग के साथ आता है. कंपनी का दावा है कि इसकी बैटरी 20 घंटे तक चल सकती है.