scorecardresearch
 

24 साल बाद फिर महायुद्ध... मेसी की अर्जेंटीना या बेलिंगहैम का इंग्लैंड, किसे मिलेगा फाइनल का टिकट?

FIFA वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे. लियोनेल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना लगातार दूसरे फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगी, जबकि इंग्लैंड 1966 के बाद दूसरी बार विश्व कप जीतने के अपने सपने को जिंदा रखना चाहेगा. जानिए दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, ताकत, कमजोरियां और किस टीम का पलड़ा भारी है.

Advertisement
X
FIFA वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना-इंग्लैंड की होगी भिड़ंत (Photo: Getty)
FIFA वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना-इंग्लैंड की होगी भिड़ंत (Photo: Getty)

अर्जेंटीना और इंग्लैंड की टीमें 16 जुलाई को जॉर्जिया के अटलांटा स्टेडियम में FIFA वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल खेलेगी. एक ओर मौजूदा विश्व चैम्पियन अर्जेंटीना है, तो दूसरी ओर इंग्लैंड, जो 60 साल के सूखे को खत्म कर दूसरी बार विश्व कप जीतने का सपना देख रहा है.

इस मुकाबले में दुनिया की नजरें अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी और इंग्लैंड के स्टार जूड बेलिंगहैम पर टिकी होंगी. अर्जेंटीना ने क्वार्टरफाइनल में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर अंतिम-4 में जगह बनाई, जबकि इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया. दोनों टीमें शानदार लय में हैं और खिताब की सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल हैं.

मेसी बनाम बेलिंगहैम

लियोनेल मेसी अर्जेंटीना के सबसे बड़े मैच विनर हैं. 39 साल की उम्र में भी मेसी अपनी टीम के आक्रमण खिलाड़ी बने हुए हैं. गोल करने के साथ-साथ मौके बनाना और बड़े मैचों में टीम को संभालना उनकी सबसे बड़ी ताकत है. इस फीफा वर्ल्ड कप में मेसी ने अब तक 8 गोल किए हैं, जिससे वे फ्रांस के कीलियन एम्बाप्पे के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में शामिल हो गए हैं.

Advertisement

दूसरी ओर इंग्लैंड के युवा सुपरस्टार जूड बेलिंगहैम मिडफील्ड में टीम की जान हैं. उनकी बॉक्स-टू-बॉक्स क्षमता, गेंद पर नियंत्रण और निर्णायक मौकों पर गोल करने की कला इंग्लैंड को बेहद खतरनाक बनाती है. जूड बेलिंगहैम ने 2026 फीफा विश्व कप में इंग्लैंड के लिए 6 गोल किए हैं. हैरी केन के साथ उनकी साझेदारी विपक्षी डिफेंस के लिए बड़ी चुनौती होगी.

यह भी पढ़ें: 2030 FIFA वर्ल्ड कप में खेलेंगी 64 टीमें? फीफा अध्यक्ष ने दिए बड़े संकेत

किस टीम का पलड़ा भारी?

अर्जेंटीना के पास बड़े मैचों का अनुभव और मजबूत टीम संयोजन है. 2022 की विश्व चैम्पियन टीम के अधिकांश खिलाड़ी अब भी साथ है. मेसी की अगुआई, मजबूत डिफेंस और तेज काउंटर अटैक अर्जेंटीना की सबसे बड़ी ताकत हैं.

वहीं इंग्लैंड युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है. तेज विंग प्ले, मजबूत मिडफील्ड और सेट-पीस पर शानदार प्रदर्शन इंग्लैंड को बेहद खतरनाक बनाता है.

कागजों पर दोनों टीमें काफी संतुलित नजर आती हैं. अर्जेंटीना के पास अनुभव और बड़े मैचों का दबदबा है, जबकि इंग्लैंड की ताकत उसकी युवा ऊर्जा, फिटनेस और आक्रामक फुटबॉल है.

अर्जेंटीना vs इंग्लैंड: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

Advertisement

अर्जेंटीना और इंग्लैंड की प्रतिद्वंद्विता विश्व फुटबॉल की सबसे चर्चित राइवलरी में से एक है. दोनों टीमों के बीच अब तक 14 मुकाबले खेले गए हैं.

-अर्जेंटीना की जीत: 3
-इंग्लैंड की जीत: 6
-ड्रॉ: 5

यह भी पढ़ें: FIFA महायुद्ध... एम्बाप्पे vs यामाल, कौन करेगा फाइनल का टिकट अपने नाम?

FIFA वर्ल्ड कप में पहले भी भिड़ चुके हैं अर्जेंटीना और इंग्लैंड

फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में अर्जेंटीना और इंग्लैंड कई बार आमने-सामने आ चुके हैं. फीफा वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 5 मुकाबले खेले गए हैं. इंग्लैंड ने 3 मैच जीते हैं, जबकि अर्जेंटीना ने 2 मुकाबलों में जीत दर्ज की है.

1962:  ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड ने 3-1 से जीत दर्ज की
1966: क्वार्टरफाइनल में इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज की.
1986: क्वार्टरफाइनल में अर्जेंटीना ने 2-1 से जीत हासिल की. इसी मैच में माराडोना ने 'हैंड ऑफ गॉड' और 'गोल ऑफ द सेंचुरी' जैसे ऐतिहासिक गोल किए थे.
1998: राउंड ऑफ 16 में अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में इंग्लैंड को हराया.
2002: ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज की.

यह भी पढ़ें: रोहित-कोहली की वापसी काफी नहीं... ये 4 सवाल बढ़ा रहे टीम इंडिया की टेंशन

दोनों टीमों की विश्व कप में आखिरी भिड़ंत 2002 फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में हुई थी. उस मुकाबले में इंग्लैंड ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराया था. इंग्लैंड की ओर से डेविड बेकहम ने पहले हाफ में पेनल्टी पर मैच का इकलौता गोल दागा था, जो टीम की जीत का अंतर साबित हुआ.

Advertisement

अब लगभग 24 साल बाद दोनों टीमें एक बार फिर फीफा वर्ल्ड कप के मंच पर भिड़ेंगी. इस बार मुकाबला 2026 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में होगा, जहां अर्जेंटीना लगातार दूसरे फाइनल में पहुंचना चाहेगा, जबकि इंग्लैंड 1966 के बाद दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह बनाना चाहेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement