विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी से पूरी तरह उबर चुके हैं और इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में वापसी के लिए तैयार हैं. कोहली काफी दिनों से ब्रिटेन में ही हैं और 14 जुलाई से शुरू होने वाली सीरीज की तैयारियों में जुटे हैं. इसी बीच इंग्लैंड के युवा क्रिकेटर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में उनके टीममेट जॉर्डन कॉक्स ने कोहली की जिंदगी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है.
पिछले महीने कोहली और जॉर्डन कॉक्स की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं. अब करीब एक महीने बाद कॉक्स ने खुलासा किया कि ना तो उन्हें और ना ही कोहली को इस बात का अंदाजा था कि कोई उनकी तस्वीरें खींच रहा है. जॉर्डन कॉक्स ने 'द गार्जियन' से बातचीत में बताया कि विराट अपनी निजी जिंदगी में लोगों की नजरों से दूर रहना चाहते हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता के कारण ऐसा करना बेहद मुश्किल है.
'कोहली नॉर्मल लाइफ जीना चाहते'
जॉर्डन कॉक्स ने कहा, 'उनके लिए सबसे परेशान करने वाली बात यह है कि लोग उनकी जानकारी के बिना उनका पीछा करते हैं. सैकड़ों लोग हमारे पास से गुजरे. कोई नहीं रुका, किसी ने कुछ नहीं किया. लेकिन करीब दो घंटे बाद उनका मुझे मैसेज आया कि क्या तुमने ये सारी तस्वीरें देखी हैं? मैं भी हैरान रह गया था. यह दुखद है कि इतने सारे लोग उनकी जिंदगी का हिस्सा चाहते हैं. वह बस लोगों की नजरों से दूर रहना, मजे करना और सामान्य जिंदगी जीना चाहते हैं. दुर्भाग्य से यह हमेशा संभव नहीं है.'
यह भी पढ़ें: 'इमोशन जीता, लॉजिक हारा', वैभव की एंट्री पर पार्थिव ने सेलेक्टर्स को घेरा, संजू की अनदेखी पर फूटा गुस्सा
जॉर्डन कॉक्स ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 के दौरान उनके साथ बिताए समय का भी जिक्र किया. इस विकेटकीपर बल्लेबाज के मुताबिक इतनी उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद कोहली युवा खिलाड़ियों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं.
यह भी पढ़ें: 14, 13, 15... इंग्लैंड ने वैभव सूर्यवंशी को वो सिखाया, जो IPL कभी नहीं सिखा सकता था!
जॉर्डन कॉक्स ने कहा, 'आईपीएल के दौरान मेरे लिए सबसे खास बात यह थी कि उन्होंने मुझे एक खिलाड़ी के रूप में कितना समय दिया. इतना कुछ हासिल करने के बाद भी वह क्रिकेट को वापस बहुत कुछ देना चाहते हैं. कुछ खिलाड़ी सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देते हैं, लेकिन विराट हमेशा खुद से पहले दूसरों की मदद करना चाहते हैं. ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है.'
विराट आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में थे और उन्होंने आरसीबी के लिए 600 से ज्यादा रन बनाए. हालांकि गुजरात टाइटन्स के खिलाफ फाइनल के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी. इसी चोट के कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाए. इसके बाद विराट ने बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी फिटनेस पर काम किया और जरूरी फिटनेस क्लीयरेंस हासिल किया.