scorecardresearch
 

आखिरी ओवर में 3 चौके जड़कर प्रिंस यादव ने मचाई धूम, श्रीसंत-अश्विन के क्लब में एंट्री

तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर में आयोजित टी20 मुकाबले में बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन किया. प्रिंस ने आखिरी ओवर में तीन चौके जड़कर खास उपलब्धि हासिल की. प्रिंस के ये तीन चौके मुकाबले का टर्निंग पॉइंट बन गए.

Advertisement
X
प्रिंस यादव ने बल्ले से लूटी महफिल, जड़े तीन चौके. (Photo: BCCI)
प्रिंस यादव ने बल्ले से लूटी महफिल, जड़े तीन चौके. (Photo: BCCI)

भारतीय क्रिकेट में अक्सर बड़े बल्लेबाजों की इनिंग्स की चर्चा होती है, लेकिन कभी-कभी निचले क्रम का कोई खिलाड़ी भी अपने छोटे से योगदान से इतिहास के पन्नों में नाम दर्ज करा लेता है. रविवार (11 अक्टूबर) को वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में प्रिंस यादव ने कुछ ऐसा ही किया. उन्होंने आखिरी ओवर में तीन चौके लगाकर ना सिर्फ भारतीय टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि एक ऐसी उपलब्धि भी हासिल कर ली, जो पिछले 15 साल से किसी भारतीय बल्लेबाज ने नहीं दोहराई थी.

प्रिंस यादव अब भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल मैच में नंबर-10 या नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए कम से कम तीन चौके लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले एस श्रीसंत और रविचंद्रन अश्विन ही यह कारनामा कर सके थे. प्रिंस की इस उपलब्धि ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के इन दो खिलाड़ियों की खास सूची में शामिल कर दिया.

भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल मैच में नंबर-10 या नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड एस श्रीसंत के नाम है. उन्होंने 2007 में जोहानिसबर्ग में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार चौके लगाए थे. इसके बाद रविचंद्रन अश्विन ने 2011 में कोलकाता में इंग्लैंड के खिलाफ तीन चौके जड़े थे. अब 2026 में प्रिंस यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन चौके लगाकर इस सूची में जगह बना ली है.

Advertisement

इंदौर में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने 19वें ओवर में 202 रन के स्कोर पर आठ विकेट गंवा दिए थे. ऐसे समय में प्रिंस यादव क्रीज पर आए, जब टीम को पारी के आखिरी क्षणों में तेजी से रन बनाने की जरूरत थी. उन्होंने शमर जोसेफ के ओवर में तीन चौके लगाकर भारत के स्कोर को 223 रनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

प्रिंस यादव ने डीप मिडविकेट की दिशा में चौका लगाकर अपना खाता खोला. इसके बाद उन्होंने विकेटकीपर शाई होप के ऊपर से गेंद को स्कूप करके दूसरा चौका हासिल किया. ओवर में उनका तीसरा चौका टॉप एज के जरिए आया, जो शॉर्ट थर्ड मैन के ऊपर से निकल गया. उनकी इस छोटी लेकिन उपयोगी पारी ने भारत को अंतिम ओवरों में जरूरी रन दिलाए.

अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी
इससे पहले अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों पर 69 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर भारतीय पारी को मजबूती दी थी. ईशान किशन ने भी 18 गेंदों पर 37 रन बनाकर तेजी से रन बटोरे. हालांकि, पारी के दूसरे हिस्से में लगातार विकेट गिरने से भारत की रफ्तार धीमी पड़ गई थी. ऐसे में प्रिंस के चौकों ने टीम को 223 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया.

Advertisement

224 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 44 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि नमन धीर ने दो विकेट हासिल किए. शमर स्प्रिंगर ने महज 11 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. भारत ने यह मुकाबला 14 रन से जीतकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली. अब दोनों टीमों के बीच चौथा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला बुधवार को हैदराबाद में खेला जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement