
पहली डेट को यादगार बनाने के लिए एक शख्स ने लग्जरी कार बुक की, मिशेलिन-स्टार वाले रेस्टोरेंट में टेबल रिजर्व की और कथित तौर पर 1,050 डॉलर यानी करीब 1 लाख रुपये खर्च किए. लेकिन डेट के बाद लड़की ने उसके साथ रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया. महिला का कहना है कि उसने शख्स को उसके गंजेपन की वजह से 'फ्रेंड-जोन' कर दिया. इसके बाद मामला तब और दिलचस्प हो गया, जब शख्स ने डेट पर खर्च किए गए पैसे वापस मांग लिए.
यह पूरा मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @raqisright नाम के अकाउंट से शेयर किया गया. महिला के मुताबिक, शख्स ने पहली डेट के लिए काफी तैयारी की थी. उसने एक लग्जरी कार का इंतजाम किया और एक महंगे रेस्टोरेंट में सरप्राइज रिजर्वेशन कराया.
लग्जरी कार से लेने आया, पूरी शाम का खर्च उठाया
महिला ने बताया कि शख्स ने कार के दरवाजे खोले और पूरी शाम उसका काफी ख्याल रखा. उसके मुताबिक, शख्स ने उसे कहा कि वह अपना दिमाग बंद रखे और पूरी शाम खाने-पीने का ऑर्डर खुद करता रहा.महिला ने लिखा कि उस दौरान उसे काफी सुरक्षित और सहज महसूस हुआ. यानी पहली डेट की शुरुआत उसके लिए काफी अच्छी रही.लेकिन डेट खत्म होने के बाद उसने इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया.

गंजा होने की वजह से किया रिजेक्ट?
महिला ने अपने पोस्ट में दावा किया कि उसने शख्स को 'फ्रेंड-जोन' कर दिया, क्योंकि वह गंजा था. उसके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान इस कहानी की तरफ गया.लेकिन असली विवाद इसके बाद शुरू हुआ.
यह भी पढ़ें: टाइगर के बाड़े में कूदा शख्स, फिर जो हुआ... VIDEO में दिखा खौफनाक मंजर
महिला ने एक अन्य पोस्ट में कथित बातचीत का स्क्रीनशॉट शेयर किया. इसमें शख्स उससे 1,050 डॉलर वापस मांगता दिखाई देता है. महिला के मुताबिक, यही वह रकम थी जो उसने पहली डेट पर खर्च की थी.भारतीय करेंसी में यह रकम करीब 1 लाख रुपये बैठती है.

'Chivalry is dead' लिखकर शेयर किया स्क्रीनशॉट
महिला ने चैट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'Chivalry is dead.' इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई.कुछ यूजर्स ने महिला के फैसले पर सवाल उठाया. उनका कहना था कि अगर किसी व्यक्ति ने पहली डेट पर इतना पैसा और समय खर्च किया, तो उसके प्रयासों को इस तरह खारिज करना ठीक नहीं है.
वहीं, कई लोगों ने शख्स का पक्ष भी नहीं लिया. उनका तर्क था कि डेट पर पैसा खर्च करना किसी रिश्ते की गारंटी नहीं है. किसी व्यक्ति को महंगी डेट आयोजित करने का फैसला खुद करना होता है और सामने वाले को रिश्ता स्वीकार करने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता.
डेट पर खर्च पैसा गिफ्ट या निवेश?
इस मामले ने डेटिंग को लेकर एक पुरानी बहस को फिर चर्चा में ला दिया है. सवाल यह है कि अगर कोई व्यक्ति पहली डेट पर अपनी मर्जी से बड़ी रकम खर्च करता है, तो क्या उसे इसे एक गिफ्ट मानना चाहिए या फिर रिश्ता आगे न बढ़ने पर पैसे वापस मांगना सही है?
सोशल मीडिया पर लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं. कुछ लोग इसे महंगी डेट और उम्मीदों के बीच टकराव मान रहे हैं, जबकि कुछ के मुताबिक, किसी भी डेट पर खर्च किया गया पैसा रोमांटिक रिश्ते का 'रिटर्न' तय नहीं कर सकता.