scorecardresearch
 

पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ी सर्जरी, बाबर आजम फिर बने टेस्ट कप्तान, शान मसूद का पत्ता साफ

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए बाबर आजम को दोबारा टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया है. बेहद प्रदर्शन के बाद शान मसूद को टेस्ट कप्तानी से हटा दिया गया. हालांकि मसूद को टेस्ट स्क्वॉड में जरूर शामिल किया गया है.

Advertisement
X
बाबर आजम एक बार फिर पाकिस्तानी टेस्ट टीम का नेतृत्व करेंगे. (Photo: Getty Images)
बाबर आजम एक बार फिर पाकिस्तानी टेस्ट टीम का नेतृत्व करेंगे. (Photo: Getty Images)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बड़ा फैसला लेते हुए स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को एक बार फिर टेस्ट टीम की कमान सौंप दी है. बाबर ने शान मसूद की जगह ली है, जिन्हें लगातार खराब प्रदर्शन के बाद कप्तानी से हटा दिया गया है. यह फैसला वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले लिया गया. इसकी घोषणा रविवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई.

बाबर आजम इससे पहले 2020 से 2023 के दौरान पाकिस्तान की टेस्ट टीम के कप्तान रह चुके हैं. उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने 20 टेस्ट मैच खेले हैं. इस दौरान टीम को 10 में जीत मिली, 6 मुकाबले पाकिस्तानी टीम ने हारे और 4 मैच ड्रॉ रहे. बाबर की कप्तानी में जीत का प्रतिशत 50 रहा, जो हाल के वर्षों में पाकिस्तान के किसी भी टेस्ट कप्तान से बेहतर है. अब एक बार फिर चयनकर्ताओं ने बाबर पर भरोसा जताया है और उन्हें टीम को नई दिशा देने की जिम्मेदारी सौंपी है.

शान मसूद को 2023 में ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले टेस्ट कप्तान बनाया गया था. हालांकि उनका कार्यकाल उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा. मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान ने 16 टेस्ट मैच खेले, जिनमें सिर्फ 4 मुकाबले जीते, जबकि 12 मैचों में हार का सामना करना पड़ा. उनका जीत प्रतिशत महज 25 फीसदी रहा.

Advertisement

शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान को अपने घर में बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से सीरीज हार का भी सामना करना पड़ा, जिसे हाल के वर्षों की सबसे शर्मनाक टेस्ट हारों में गिना जाता है. सात टेस्ट सीरीज में मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान को सिर्फ एक सीरीज जीत मिली, जब टीम ने 2024 में इंग्लैंड को घर में 2-1 से हराया था.

पाकिस्तान की टीम 13 जुलाई को वेस्टइंडीज दौरे के लिए रवाना होगी. वहां टीम पहले 18 जुलाई से चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी. इसके बाद दोनों देशों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी. पहला टेस्ट मैच 25 से 29 जुलाई तक त्रिनिदाद एंड टोबैगो में होगा. फिर दूसरा टेस्ट मैच 2-6 अगस्त तक तारौबा में खेला जाएगा.

वेस्टइंडीज दौरे के बाद पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड जाएगी, जहां उसे तीन टेस्ट मैचों की अहम सीरीज खेलनी है. पहला टेस्ट 19 अगस्त से लीड्स, दूसरा 27 अगस्त से लॉर्ड्स और तीसरा 9 सितंबर से बर्मिंघम में खेला जाएगा. पीसीबी को उम्मीद है कि बाबर आजम की वापसी से टेस्ट टीम को नई ऊर्जा मिलेगी और पाकिस्तान विदेशी दौरों पर बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहेगा.

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम: बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम उल हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मुहम्मद अवैस जफर, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील (फिटनेस क्लियरेंस के अधीन), शान मसूद और उबैद शाह.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement