'लोग कहते थे वीडियो बनाने से क्या होगा... देखो, वीडियो बनाने से क्या होता है, आज मैं दुबई में खड़ा हूं.' सोशल मीडिया पर वायरल इस अंदाज वाले वीडियो में राजस्थान के चूरू का एक 13 साल का बच्चा अपनी कामयाबी को अपने ही अंदाज में बयां करता नजर आता है. यह बच्चा है मोतीलाल मेघवाल, जिसे इंटरनेट की दुनिया में लोग ‘एलियन स्टार’ के नाम से जानते हैं.
मोतीलाल इन दिनों दुबई में हैं. सोशल मीडिया पर उनके दुबई टूर के कई वीडियो सामने आए हैं. इनमें वह अपनी मां के साथ दुबई की सड़कों पर नजर आते हैं. कहीं वह ऊंची इमारतों से शहर का नजारा देखते दिखते हैं, तो कहीं बुर्ज खलीफा की सैर करते नजर आते हैं. हाल ही में उनका गोल्ड कॉफी पीते हुए वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वह जमजम ब्रदर्स के साथ दिखाई दिए. बुर्ज खलीफा के एक लाउंज में उन्हें 24 कैरेट गोल्ड-प्लेटेड कॉफी ऑफर की गई थी. वीडियो में वह मजाकिया अंदाज में पूछते हैं कि इसे पीने से क्या वह भी सोने के बन जाएंगे.
चूरू के गांव से दुबई तक का सफर
मोतीलाल राजस्थान के चूरू जिले की सुजानगढ़ तहसील के चारियां गांव के रहने वाले हैं. कम उम्र में ही उनका चेहरा और खास तौर पर उनकी भौंहें लोगों के बीच चर्चा का कारण बनने लगीं. आसपास के बच्चे उन्हें ‘एलियन’ कहकर चिढ़ाते थे. जो नाम कभी उनके लिए मजाक और परेशानी की वजह था, वही आगे चलकर उनकी सोशल मीडिया पहचान बन गया.
मोतीलाल ने इस नाम को नकारने के बजाय इसे अपनी पहचान बना लिया. आज लोग उन्हें ‘एलियन’ कहकर चिढ़ाने के बजाय ‘एलियन स्टार’ कहते हैं और उनके साथ तस्वीर लेने के लिए उत्साहित नजर आते हैं. मोती खुद भी इस बदलाव को महसूस करते हैं. उनका कहना है कि पहले ‘एलियन’ कहे जाने पर उन्हें बुरा लगता था, लेकिन अब जब लोग प्यार से 'एलियन स्टार’ कहते हैं तो उन्हें अच्छा लगता है.
एक वीडियो ने बदल दी कहानी
मोतीलाल की सोशल मीडिया का सफर बहुत पुराना नहीं है. उन्होंने करीब एक साल पहले वीडियो बनाना शुरू किया था. शुरुआती दौर में उनके वीडियो पर ज्यादा ध्यान नहीं गया, लेकिन धीरे-धीरे उनका देसी अंदाज और बोलने का तरीका लोगों को पसंद आने लगा.उनके चर्चित डायलॉग्स में एक लाइन है- लोग बोलते थे तू कुछ नहीं कर पाएगा, अब वही लोग कहते हैं तू बहुत आगे जाएगा.
इसके बाद उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगे. एक वीडियो को करीब 18.6 करोड़ व्यूज और दूसरे को करीब 10 करोड़ व्यूज मिलने की बात सामने आई है. उनके दूसरे कई वीडियो भी मिलियन व्यूज हासिल करते हैं.
स्कूल में चिढ़ाने वाले बच्चे अब लेते हैं सेल्फी
मोती की कहानी में सोशल मीडिया की लोकप्रियता के साथ उनकी निजी जिंदगी में आया बदलाव भी दिलचस्प है. वह बताते हैं कि पहले स्कूल में उनके ज्यादा दोस्त नहीं थे. दूसरे बच्चे उन्हें चिढ़ाते थे और उनसे ज्यादा बातचीत नहीं करते थे.
अब तस्वीर बदल चुकी है. वही बच्चे उनके साथ दोस्ती करते हैं और सेल्फी लेते हैं.
15 अगस्त से जुड़ा एक वीडियो भी उनके लिए अहम मोड़ माना जाता है. इसमें शिक्षक बच्चों से कहते हैं कि अच्छे कपड़े पहनकर आने वाले बच्चों को दो लड्डू दिए जाएंगे. अगले दिन मोती शेरवानी पहनकर स्कूल पहुंच गए. उनके इस अंदाज ने लोगों को खूब हंसाया और वीडियो को भी पसंद किया गया.
पढ़ाई भी, वीडियो भी और हीरो बनने का सपना
मोतीलाल अभी सातवीं कक्षा में पढ़ते हैं. उनके माता-पिता खेती करते हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जाती है.मोती के पिता निंबाराम मेघवाल का कहना है कि उनका बेटा पढ़ाई भी करता है और वीडियो भी बनाता है. पहले परिवार की प्राथमिकता सिर्फ पढ़ाई थी, लेकिन मोती की लोकप्रियता बढ़ने के बाद वीडियो बनाने को लेकर उनका नजरिया भी बदला.
यह भी पढ़ें: मां को लेकर दुबई पहुंचा 'एलियन स्टार', कभी लोग उड़ाते थे मजाक, ऐसे बदली किस्मत
मोती बताते हैं कि पहले उनके पास सामान्य फोन था. लोकप्रियता बढ़ने के बाद उनके पिता ने करीब छह महीने पहले उन्हें नया फोन दिलाया.जब उनसे पूछा जाता है कि बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं, तो उनका जवाब भी उनकी मौजूदा जिंदगी जैसा ही है- पढ़ाई करनी है, वीडियो बनाने हैं और हीरो बनना है.
अब गांव का ‘एलियन स्टार’ पहुंचा दुबई
मोतीलाल की कहानी का सबसे नया अध्याय दुबई में लिखा जा रहा है. इंटरनेट पर लोकप्रियता मिलने के बाद वह जमजम ब्रदर्स के साथ दुबई में घूमते दिखाई दे रहे हैं. जमजम ब्रदर्स सोशल मीडिया पर चर्चित कंटेंट क्रिएटर्स हैं और दुबई में जमजम इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े हैं.वे वायरल होने वाले क्रिएटर्स को दुबई बुलाकर उनके साथ अलग-अलग जगहों पर वीडियो बनाते हैं.
दुबई के वीडियो में कभी मोती महंगी गाड़ियों के बीच नजर आते हैं, कभी बुर्ज खलीफा की ऊंचाई से शहर का नजारा देखते हैं और कभी गोल्ड कॉफी का स्वाद लेते दिखते हैं. यानी जिस बच्चे को कभी उसके लुक्स की वजह से ‘एलियन’ कहकर चिढ़ाया जाता था, आज वही नाम उसकी सबसे बड़ी सोशल मीडिया पहचान बन चुका है. अब वो दुनिया को दिखाते हुए कहते हैं देखों वीडियो बनाने से क्या होता है.