How To Grow Black Pepper Plant In Pots: रसोई में कई तरह के मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. जीरा हो या तेजपत्ता सभी मसाले खाने का स्वाद बढ़ाने के काम आते हैं. इन्हीं में काली मिर्च का नाम भी शामिल है. चाय बनानी हो, सब्जी में स्वाद बढ़ाना हो या सर्दियों में सूप का मजा लेना हो, काली मिर्च का इस्तेमाल कई तरह से किया जाता है. इसकी थोड़ी-सी मात्रा खाने का स्वाद बढ़ा देती है. आमतौर पर लोग इसे बाजार से खरीदकर लाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि काली मिर्च का पौधा घर पर भी उगाया जा सकता है? इसके लिए आपको बड़े बगीचे या खेत की जरूरत नहीं है. आप बालकनी, छत या घर के छोटे से गार्डन में रखे गमले के अंदर इसकी बेल लगा सकते हैं.
जी हां, अगर आपको भी घर में पौधे लगाने का शौक है और कुछ नया उगाना चाहते हैं, तो काली मिर्च की बेल एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. हालांकि, इसे लगाने के लिए सही बीज, अच्छी मिट्टी और थोड़ी देखभाल जरूरी है. आइए जानते हैं कि घर पर काली मिर्च का पौधा कैसे लगाएं और इसकी देखभाल किस तरह करें.
काली मिर्च का पौधा लगाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी?
घर पर काली मिर्च उगाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए एक मीडियम साइज या बड़ा गमला, अच्छी क्वालिटी की मिट्टी, रेत, वर्मीकंपोस्ट और काली मिर्च के ताजे बीज चाहिए. इसके अलावा, बेल को ऊपर चढ़ने के लिए लकड़ी की छड़ी या कोई मजबूत सहारा भी रखना होगा.
बीज खरीदते समय रखें ध्यान: बाजार में मिलने वाली सूखी काली मिर्च के दाने आमतौर पर उगाने के लिए सही नहीं होते, क्योंकि उन्हें प्रोसेस किया जाता है. इसलिए बीज किसी नर्सरी या गार्डनिंग स्टोर से लें. आप चाहें तो नर्सरी से काली मिर्च का तैयार पौधा भी ला सकते हैं. तैयार पौधे से शुरुआत करना नए लोगों के लिए आसान हो सकता है.
1. सबसे पहले तैयार करें गमले की मिट्टी: काली मिर्च का पौधा लगाने के लिए ऐसा गमला चुनें, जिसमें नीचे पानी निकलने के लिए छेद हों. अब इसमें बगीचे की नॉर्मल मिट्टी, थोड़ी रेत और वर्मीकंपोस्ट मिलाकर मिट्टी तैयार करें. इससे मिट्टी में पोषक तत्व मिलेंगे और पानी भी अच्छे से निकल पाता है.
ध्यान रखें कि मिट्टी में पानी जमा नहीं होना चाहिए. बहुत ज्यादा गीली मिट्टी में पौधे की जड़ें खराब हो सकती हैं. इसलिए गमले में ऐसी मिट्टी का इस्तेमाल करें, जिसमें नमी बनी रहे, लेकिन एक्स्ट्रा पानी आसानी से बाहर निकल जाए.
2. सही तरीके से बोएं काली मिर्च के बीज: मिट्टी तैयार होने के बाद गमले की मिट्टी को हल्का नम कर लें. अब बीजों को मिट्टी में करीब 1 से 2 सेंटीमीटर गहराई पर बोएं और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें. बीजों को बहुत गहराई में न दबाएं और उनके बीच थोड़ी दूरी रखें.
इसके बाद हल्के हाथ से पानी डालें, ताकि बीज अपनी जगह पर बने रहें. गमले को ऐसी जगह रखें, जहां गर्माहट हो और तेज सीधी धूप न पड़ती हो. बीजों को अंकुरित होने के लिए सही नमी और टेंपरेचर की जरूरत होती है. अगर कंडीशन सही रहें तो कुछ हफ्तों में अंकुर निकल सकते हैं, लेकिन इसमें ज्यादा समय भी लग सकता है.
3. बेल को बढ़ने के लिए दें सहारा: काली मिर्च का पौधा किसी आम झाड़ी की तरह नहीं बढ़ता, बल्कि ये एक बेल होती है. इसलिए जैसे-जैसे पौधा बड़ा होने लगे, इसे चढ़ने के लिए सहारा देना जरूरी है. इसके लिए गमले में लकड़ी की छड़ी लगाएं या छोटी जाली का इस्तेमाल करें.
बेल को सहारे के साथ धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ने दें. इससे पौधे को फैलने के लिए जगह मिलेगी और उसकी देखभाल करना भी आसान रहेगा. अगर आपके पास बड़ा बगीचा नहीं है, तो भी इस तरह गमले में इसकी बेल को सही तरीके से उगाया जा सकता है.
4. धूप और पानी का रखें खास ध्यान: काली मिर्च का पौधा गर्म और नमी वाले वातावरण में अच्छी तरह बढ़ता है. इसे ऐसी जगह रखें, जहां हल्की धूप या छनकर रोशनी आती हो. दोपहर की तेज धूप से छोटे पौधे को बचाना बेहतर है. बालकनी या छत पर ऐसी जगह चुनें, जहां इसे अच्छी रोशनी मिले, लेकिन पौधा बहुत ज्यादा गर्मी के कॉन्टैक्ट में न रहे.
पानी देते समय मिट्टी की नमी चेक कर लें. अगर मिट्टी की ऊपरी परत सूखने लगे, तो पानी दें. मिट्टी को पूरी तरह सूखने न दें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी डालने से भी बचें. गमले में पानी जमा रहने से जड़ें सड़ सकती हैं.
5. पौधे को हरा-भरा रखने के लिए डालें खाद: अगर आप चाहते हैं कि पौधा अच्छे से बढ़े और काली मिर्च अच्छे से आए, तो उसके लिए समय-समय पर खाद देना भी जरूरी है. इसके लिए वर्मीकंपोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई ऑर्गेनिक खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं. हर 30 से 40 दिन में पौधे की जरूरत और उसकी बढ़त के हिसाब से थोड़ी खाद डालें.
खाद डालने के बाद मिट्टी को हल्का-सा गुड़ाई करके ढीला कर सकते हैं, ताकि हवा का फ्लो बना रहे. ध्यान रखें कि जरूरत से ज्यादा खाद डालने से पौधे को नुकसान हो सकता है. पौधे की पत्तियों और तने को समय-समय पर देखते रहें. अगर पत्तियां पीली पड़ने लगें या पौधे की बढ़त रुक जाए, तो पानी, रोशनी और मिट्टी की कंडीशन चेक कर लें.
घर पर उगाई काली मिर्च कब मिलेगी?
काली मिर्च का पौधा लगाने के बाद तुरंत फल मिलने की उम्मीद न करें. बीज से उगाई गई बेल को फल देने लायक बनने में कई साल लग सकते हैं. इसके लिए गर्म और नमी वाला वातावरण, सही देखभाल और धैर्य जरूरी है. काली मिर्च की खेती में आमतौर पर कटिंग से पौधे तैयार किए जाते हैं, जबकि बीज से पौधा उगाने का प्रोसेस धीमा हो सकता है.
अगर आप घर पर काली मिर्च उगाना चाहते हैं, तो शुरुआत में ही सही बीज या नर्सरी का पौधा चुनें और उसकी जरूरतों के मुताबिक देखभाल करें. इससे आपकी बालकनी या छत पर एक नई बेल तैयार हो सकती है.