Japanese Cleaning Habits: जरा सोचिए, अगर आपको हर दिन घंटों झाड़ू-पोंछा न करना पड़े और फिर भी आपका घर साफ-सुथरा रहे, तो कितना अच्छा होगा. जापान में साफ-सफाई को सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा माना जाता है. यही वजह है कि वहां की साफ-सफाई की आदतें दुनियाभर में चर्चित हैं. इन आदतों के कारण उन लोगों के वीकेंड का सारा समय सिर्फ घर की साफ-सफाई में नहीं जाता है. वे लोग शनिवार-रविवार को अपने लिए समय निकाल पाते हैं. खास बात ये है कि उन्हें घर को साफ रखने के लिए हर बार महंगे क्लीनर या घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं होती.
जापान में बच्चों को भी छोटी उम्र से ही अपनी चीजें ऑर्गनाइज रखने और इस्तेमाल की गई जगह को साफ करने की आदत सिखाई जाती है. घर में जूते उतारने से लेकर छोटी-मोटी गंदगी को तुरंत साफ करने तक, ऐसी कई आदतें हैं जिन्हें अपनाकर आप भी अपने घर को लंबे समय तक साफ रख सकते हैं. आइए जानते हैं जापानी लोगों की सफाई से जुड़ी कुछ आसान आदतें, जिन्हें आप भी अपनी डेली लाइफस्टाइल में शामिल करके अपने घर को बिना ज्यादा मेहनत साफ-सुथरा रख सकते हैं.
1. घर में बाहर के जूते पहनकर न जाएं: जापान में घर के दरवाजे पर जूते उतारने की आदत आम है. जापानी लोगों के घर की चप्पल अलग होती है और बाहर के अलग. वे लोग जब भी बाहर से आते हैं, तो अपने जूते दरवाजे में घुसते ही उतार देते हैं और अंदर की चप्पलें पहन लेते हैं. इससे बाहर की धूल-मिट्टी घर के फर्श तक कम पहुंचती है. आप भी दरवाजे के पास जूते रखने के लिए रैक बनाएं और घर के अंदर अलग चप्पल पहनें. इससे फर्श साफ रखने में मदद मिलेगी.
2. टॉयलेट के लिए रखें अलग चप्पल: जापान के कई घरों में टॉयलेट के लिए अलग चप्पल रखी जाती हैं. इनका इस्तेमाल सिर्फ टॉयलेट के अंदर किया जाता है, ताकि वहां की गंदगी घर के दूसरे हिस्सों में न फैले. आप भी ये आदत अपना सकते हैं. इससे आपके घर का फर्श बार-बार गीला और गंदा होने से बचेगा. बाथरूम की चप्पलें बेशक अलग हों, लेकिन फिर उनकी थोड़े-थोड़े दिन में सफाई करते रहें.
3. गंदगी जमा होने से पहले करें सफाई: छोटी-छोटी गंदगी को नजरअंदाज करने से बाद में सफाई में ज्यादा समय लगता है. इसलिए खाना बनाने के बाद किचन काउंटर पोंछें, सिंक साफ करें और इस्तेमाल की गई चीजों को वापस उनकी जगह पर रखें. इस तरह रोज के ये छोटे काम घर को साफ रखने में मदद करेंगे. ऐसा करने से आपको एक साथ बहुत सारा काम समेटना और संगवाना भी नहीं पड़ेगा.
4. घर में कम सामान रखें: जापानी घरों में सामान भी कम होता. इसकी कनेक्शन सिर्फ खुलेपन से नहीं है, बल्कि इसकी वजह सफाई से भी जुड़ी हुई है. टेबल, शेल्फ और फर्श पर ज्यादा सामान होने से धूल साफ करना मुश्किल हो जाता है. इसलिए गैरजरूरी चीजों को हटा दें और जरूरी सामान को तय जगह पर रखें. इससे घर ऑर्गनाइज्ड दिखेगा और सफाई में भी कम समय लगेगा.
5. खिड़कियां खोलकर आने दें ताजी हवा: घर की सफाई के साथ हवा का ध्यान रखना भी जरूरी है. मौसम और बाहर की हवा की क्वालिटी अगर अच्छी हो, तो रोज कुछ समय के लिए खिड़कियां खोल दें. चादरों को नियमित रूप से धोएं और जहां हो सके, धूप दिखाएं. इससे घर में फ्रेशनेस बनाए रखने में मदद मिल सकती है.
6. बच्चों को भी सिखाएं सफाई की आदत: जापान के कई स्कूलों में बच्चे अपनी क्लासरूम की सफाई में हिस्सा लेते हैं. आप भी बच्चों को खिलौने समेटने, जूते सही जगह रखने और स्टडी टेबल साफ करने की आदत सिखाएं. इससे उनमें जिम्मेदारी और चीजों को ऑर्गेनाइज रखने की समझ डेवलप होगी.
7. महंगे क्लीनर खरीदना जरूरी नहीं: रोजाना की सफाई के लिए मुलायम कपड़े और पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है. चीजों को साफ करने के लिए हमेशा महंगे क्लीनर्स खरीदने की जरूरत नहीं होती है. मार्बल जैसे नेचुरल पत्थर पर सिरके का इस्तेमाल नुकसान पहुंचा सकता है.