लिएंडर पेस ने नौवां ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम कर लिया, जब उन्होंने अपने चेक जोड़ीदार लुकास डलूही के साथ फ्रेंच ओपन युगल फाइनल में पहले सेट में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए वेसले मूडी और डिक नार्मन को हराया.
तीसरी वरीयता प्राप्त पेस और डलूही ने जाइंट किलर दक्षिण अफ्रीका के मूडी और बेल्जियम के नार्मन को 3-6, 6-3, 6-2 से मात दी. 3 साल बाद पेस ने किसी बड़े टूर्नामेंट में युगल खिताब जीता है. उन्होंने 2006 में मार्टिन डैम के साथ अमेरिकी ओपन जीता था. वे 1999 और 2001 में अपने पूर्व जोड़ीदार महेश भूपति के साथ फ्रेंच ओपन जीत चुके हैं.
पहला सेट हारने के बाद पेस और डलूही ने शानदार वापसी करते हुए मूडी और नार्मन को हराया, जो सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त अमेरिकी बाब और माइक ब्रायन को हरा चुके थे. पहले सेट में पेस और डलूही दो में से एक भी ब्रेकप्वाइंट नहीं भुना सके और मूडी तथा नार्मन ने यह सेट अपनी झोली में डाल लिया. नार्मन की फोरहैंड पर लगाई गई एक वाली से पेस की आंख में चोट लगी, लेकिन बर्फ से उपचार कराने के बाद वह कोर्ट पर जल्दी ही लौटे.
इसके बाद पेस और डलूही ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे सेट के दूसरे और चौथे गेम में अपने प्रतिद्वंद्वियों की सर्विस तोड़ी. एक समय उन्होंने 5-0 की बढत बना ली थी, लेकिन तभी पेस की सर्विस टूटी. लेकिन उनकी बढत इतनी अधिक थी कि सेट आराम से जीत लिया. तीसरे सेट में भी यही लय बरकरार रखते हुए उन्होंने जीत दर्ज की.