scorecardresearch
 

'पापा कब आएंगे मम्मी?' 8 साल के मासूम को पिता का इंतजार, बाउंसरों ने ली थी जान

दिल्ली के एक नाइटक्लब में 29 साल के दलजीत की मारपीट के कारण मौत हो गई. उनके जाने के बाद परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य नहीं रहा, जबकि उनका 8 साल का बेटा अब भी पिता के घर लौटने का इंतजार कर रहा है. पत्नी पूजा के मुताबिक, बेटा बार-बार पूछता है कि पापा कब आएंगे और घर के बाहर टेंट क्यों लगा है.

Advertisement
X
मृतक का पत्नी का रो-रोकर बुला हाल है (Photo- Screengrab)
मृतक का पत्नी का रो-रोकर बुला हाल है (Photo- Screengrab)

दिल्ली के एक नाइटक्लब में बाउंसरों और मैनेजर की पिटाई से 29 साल के ड्राइवर दलजीत की मौत हो गई. पिता की मौत से अनजान उनका 8 साल का बेटा अब भी उनके घर लौटने का इंतजार कर रहा है. वह अपनी मां से बार-बार पूछ रहा है कि घर के बाहर टेंट क्यों लगा है और उसके पिता कब आएंगे? पति को खोने के गम में डूबी पत्नी पूजा के पास इन सवालों का कोई जवाब नहीं है.

पूजा ने रोते हुए बताया, 'मेरा बेटा मुझे गले लगाकर रोता है और अपने पापा के बारे में पूछता है. मैं उसे क्या बताऊं? वह बार-बार पूछता है कि घर के बाहर टेंट क्यों लगा है. मैंने रोते हुए उससे कह दिया कि यह हमारा नहीं है.' दलजीत परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनके परिवार में पत्नी, आठ साल का बेटा और पिता हैं.

पुलिस के मुताबिक, उत्तर दिल्ली में अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित टोर हाउस नाइटक्लब में शनिवार देर रात यह घटना हुई. क्लब मैनेजर की पत्नी पर बीयर गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ था. दलजीत अपने पांच-छह दोस्तों के साथ पार्टी करने क्लब गए थे. आरोप है कि विवाद के बाद मैनेजर ने बाउंसरों को बुलाया और दलजीत व उनके दोस्तों के साथ मारपीट की गई.

Advertisement

पत्नी बोली- सिर और जबड़े पर डंडों से किया हमला

पूजा ने बताया कि घटना वाली रात उन्होंने कई बार पति को फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं लगा. वह उन्हें तलाशने के लिए घर से निकलने ही वाली थीं कि नीचे दलजीत गंभीर रूप से घायल हालत में पड़े मिले. पूजा के मुताबिक, वह किसी तरह उन्हें ऊपर ले गईं, कपड़े बदले और उन्हें सुला दिया. अगली सुबह जब उन्होंने पति को देखा तो वह बेहोश थे.

पूजा ने आरोप लगाया कि उनके पति को बेरहमी से पीटा गया. उनके सिर और जबड़े पर डंडों और मुक्कों से हमला किया गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दलजीत को बार-बार पानी में डुबोया गया. गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई.

बेटे से किया था सुरक्षित घर लाने का वादा

पूजा ने बताया कि जब दलजीत को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब उनके बेटे ने मां से वादा लिया था कि वह उसके पिता को सुरक्षित घर वापस लाएंगी. पूजा ने बेटे को बताया था कि उसके पिता अस्पताल में हैं. अब पति की मौत के बाद उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वह बच्चे को सच कैसे बताएं. उन्होंने कहा कि वह अपने पति के लिए न्याय चाहती हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

Advertisement

दोस्तों का आरोप- भागने पर दोबारा खींचकर पीटा

दलजीत के दोस्तों के मुताबिक, क्लब में विवाद के बाद उन्होंने आरोपियों से माफी भी मांगी और मारपीट रोकने की गुहार लगाई, लेकिन हमला जारी रहा. आरोप है कि बाद में और बाउंसर व वेटर भी मारपीट में शामिल हो गए. दलजीत और उनके दोस्तों पर डंडों और कांच की बोतलों से हमला किया गया.

दोस्तों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की तो बाउंसर उन्हें खींचकर दोबारा अंदर ले गए और पीटा. उनका दावा है कि मारपीट के दौरान उन पर पानी भी डाला गया और दलजीत का चेहरा ढक दिया गया. इस हमले में दलजीत के जबड़े में फ्रैक्चर सहित कई गंभीर चोटें आईं.

दलजीत के दोस्त निशु और पवन समेत अन्य लोग बाद में उन्हें उनके घर लेकर पहुंचे. वहां प्रवेश द्वार के पास वह गिर पड़े. इसके बाद उन्हें गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

दलजीत के एक अन्य दोस्त सनी, जिन्हें सिर में मामूली चोट आई थी, ने दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और फुटेज बेहद भयावह है. दोस्तों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों में से एक ने हथियार दिखाया और उनके पास से नकदी व दो मोबाइल फोन ले लिए गए.

Advertisement

क्लब मैनेजर समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में क्लब मैनेजर, उसकी पत्नी और तीन बाउंसरों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने नाइटक्लब का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर जब्त कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि घटना का पूरा क्रम समझने और अन्य आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल सके.

पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है कि कंट्रोल रूम में सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक गाड़ी क्लब के बाहर पहुंची थी, लेकिन बिना जांच किए वहां से चली गई. इसके अलावा, यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाइटक्लब देर रात तक संचालन के लिए जरूरी अनुमति रखता था या नहीं. इसके लिए आबकारी विभाग और लाइसेंसिंग शाखा से रिकॉर्ड मांगे गए हैं. मामले की आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement