रणबीर कपूर की रामायण का पहला टीजर जबसे आया है, तबसे ये फिल्म लगातार चर्चा में है. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की इस रामायण के अलग-अलग पहलुओं को लेकर लोग तारीफ और बहसें दोनों कर रहे हैं. पर इस बात में कोई शक नहीं है कि इस साल दिवाली पर आने वाली रामायण पर नजरें बहुत लगी हैं. अब नमित मल्होत्रा अपनी फिल्म के साथ इंटरनेशनल मंच पर लाइमलाइट लूट रहे हैं.
दुनिया के सबसे बड़े सिनेमा इवेंट सिनेमाकॉन का 2026 एडिशन, लॉस एंजेलिस में शुरू हो चुका है और यहां रामायण का जलवा जमकर छा रहा है. इवेंट में रामायण के पोस्टर की खास चर्चा है, जिसकी खबर तमाम बड़े फिल्मी इंटरनेशनल सोशल मीडिया हैंडल्स पर है. लेकिन नमित मल्होत्रा सिर्फ अपनी फिल्म प्रमोट करने सिनेमाकॉन में नहीं गए. रामायण के इंटरनेशनल धमाके के लिए वो इस इवेंट में एक तगड़ा प्लान लेकर गए हैं.
क्या है सिनेमाकॉन?
दुनिया भर के फिल्म थिएटर्स की सबसे बड़ी ट्रेड संस्था है Cinema United. ये संस्था यूएस की 31000 स्क्रीन्स और दुनिया के 80 देशों की 30,000 स्क्रीन्स को रिप्रेजेंट करती है. ये संस्था सिनेमाकॉन इवेंट करवाती है, जो दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म बिजनेस इवेंट कहा जा सकता है. इसमें दुनिया की सबसे बड़ी, सबसे दिलचस्प फिल्मों की एक्सक्लूसिव प्रेजेंटेशन होती हैं. फिल्म प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की— डिस्ट्रीब्यूशन, मार्केटिंग, पब्लिसिटी वगैरह की चर्चाएं होती हैं. फिल्म दिखाने की लेटेस्ट तकनीकें, प्रोडक्ट और नए फॉर्मैट वगैरह यहां शोकेस किए जाते हैं.
शॉर्ट में समझ लीजिए कि सिनेमाकॉन दुनिया में सिनेमा का सबसे बड़ा ट्रेड शो है. जैसे इंडिया में आपने गाड़ियों से जुड़े इवेंट ऑटो एक्सपो के बारे में सुना होगा. इसलिए यहां साल भर में आने वाले सबसे बड़े सिनेमा प्रॉडक्ट्स को लेकर माहौल बनाया जा सकता है. नमित मल्होत्रा भी इसी मकसद से रामायण के साथ सिनेमाकॉन पहुंचे हैं. इस बार सिनेमाकॉन में जो इंटरनेशनल फिल्में सबसे ज्यादा चर्चा में हैं उनके नाम देखिए— Dune 3, Avengers: Doomsday, Spider-Man: Brand New Day, The Odyssey वगैरह. और ऐसी बड़ी फिल्मों के बीच रामायण ने इस इवेंट में तगड़ा जलवा बनाया है और फिल्म का एक इतना बड़ा पोस्टर वहां लगा है कि लोग इसे ठहरकर देख रहे हैं.
लेकिन नमित सिर्फ पोस्टर से जनता का ध्यान नहीं लूटना चाहते. वो रामायण को इंटरनेशनल स्पॉटलाइट दिलाने के लिए सिनेमाकॉन में मौजूद हैं. ये तो आपको पता ही है कि रणबीर कपूर स्टारर रामायण बनाने का नमित का इरादा है— इंटरनेशनल ऑडियंस के लिए भारतीय संस्कृति से निकली एक शानदार कहानी. लेकिन इंटरनेशनल ऑडियंस को जीतना तभी संभव है जब फिल्म को दुनिया भर में उतनी बड़ी रिलीज, उतनी स्क्रीन्स मिले जितनी Avengers: Doomsday जैसे इंटरनेशनल प्रोजेक्ट को मिलती है. और इसके लिए जरूरी है बड़ा इंटरनेशनल फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर.
डिस्ट्रीब्यूटर्स को रिझाने पहुंचे हैं नमित मल्होत्रा
रामायण के लिए नमित मल्होत्रा दुनिया की 40 हजार स्क्रीन्स पर नजर गड़ाए बैठे हैं. उनका टारगेट यूएस, मिडल ईस्ट, अमेरिका, न्यूजीलैंड, यूरोप समेत चीन भी है, जहां दुनिया की सबसे ज्यादा 80 हजार स्क्रीन्स हैं. और इतने बड़े स्क्रीन काउंट के लिए रामायण को डिस्ट्रीब्यूटर से सिर्फ अच्छी डील ही नहीं चाहिए होगी, उनका इंटरनेशनल मार्केटिंग अनुभव भी जरूरी होगा.
इसके लिए रामायण के मेकर्स को डिज्नी, वॉर्नर ब्रदर्स, यूनिवर्सल पिक्चर्स या सोनी जैसे जैसे बड़े नामों की जरूरत पड़ेगी. कुछ ही दिन पहले ऐसी चर्चा थी कि Warner Bros. के साथ नमित की बातचीत शुरू हो चुकी है. अगर इस बात में दम है तो वार्नर ब्रदर्स भी डील फाइनल करने से पहले एक बार रामायण के लिए फैन्स और ट्रेड एक्सपर्ट्स का रिस्पॉन्स देखना चाहेंगे.
रिपोर्ट्स बताती हैं कि नमित के साथ उनके को-प्रोड्यूसर और रामायण में रावण का रोल कर रहे Yash भी हैं. दोनों मिलकर तमाम इंटरनेशनल मीडिया आउटलेट्स के साथ इंटरव्यूज करने वाले हैं, ताकि उनकी फिल्म को लेकर ग्लोबल ऑडियंस में माहौल बने. रामायण की टीम सिनेमाकॉन के फैन इवेंट्स में भी मौजूद रहेगी. इतना ही नहीं, रामायण के कुछ कंटेंट की भी प्राइवेट स्क्रीनिंग होने की चर्चा है.
ये फैन स्क्रीनिंग नहीं होगी, एक्सक्लूसिव प्राइवेट स्क्रीनिंग होगी जिसमें नमित फिल्म के खरीदारों को रामायण की कुछ झलकियां भी दिखाने वाले हैं. और इसके दम पर वो डिस्ट्रीब्यूटर्स और मार्केटिंग पार्टनर्स को बड़ी इंटरनेशनल रिलीज दिलाने के लिए लुभाएंगे. इसलिए सिनेमाकॉन रामायण के लिए एक बहुत जरूरी इवेंट है.
अगर यहां सब ठीक रहा तो यकीनन नमित मल्होत्रा की रामायण सबसे बड़ी इंटरनेशनल रिलीज पाने वाली इंडियन फिल्म होगी. इस पैमाने की रिलीज के साथ, 4000 करोड़ का भारी बजट रिकवर करना रामायण के लिए कोई बड़ी बात नहीं होगी.