शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म कॉकटेल 2 रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है. 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने 'A' (एडल्ट्स ओनली) सर्टिफिकेट दिया है. जोकि थोड़ी चिंता का विषय माना जा रहा है.
फिल्म में कई बेड-किसिंग सीन्स और डबल मीनिंग जोक्स हैं, ट्रेलर में भी इसका नमूना देख चुके हैं. इसे देखते हुए सेंसर बोर्ड ने ये फैसला लिया है.
फिल्म का डायरेक्शन होमी अडजानिया ने किया है. हालांकि फिल्म की कहानी पूरी तरह नई है, लेकिन इसे साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म कॉकटेल का स्पिरिचुअल सीक्वल माना जा रहा है. पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी लीड रोल्स में नजर आए थे.
पहली फिल्म से भी लंबी है 'Cocktail 2'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉकटेल 2 का लंबाई 150 मिनट यानी ढाई घंटे की होगी. दिलचस्प बात ये है कि ये पहली फिल्म से करीब 4 मिनट लंबी है. 2012 में रिलीज हुई कॉकटेल का रनटाइम 146 मिनट था. फिल्म को एक बार फिर होमी अडजानिया और दिनेश विजान लेकर आ रहे हैं, लेकिन इस बार दर्शकों को पूरी तरह नई स्टारकास्ट देखने को मिलेगी.
कृति सेनन के करियर की पहली A-रेटेड फिल्म
इस फिल्म के साथ कृति सेनन के करियर में एक नया अध्याय जुड़ गया है. कॉकटेल उनकी पहली A-रेटेड फिल्म होगी. हीरोपंति से करियर की शुरुआत करने वालीं कृति बरेली की बर्फी, मिमी जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.
वहीं रश्मिका मंदाना के लिए ये दूसरी हिंदी A-रेटेड फिल्म है. इससे पहले उनकी फिल्म एनिमल को भी A सर्टिफिकेट मिला था और उसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी.
शाहिद कपूर ने बनाया खास रिकॉर्ड
शाहिद कपूर के लिए ये पांचवीं A-रेटेड फिल्म है. इससे पहले वो कमीने, उड़ता पंजाब, कबीर सिंह और ओ रोमियो जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं. खास बात ये है कि शाहिद के करियर में पहली बार ऐसा हो रहा है जब उनकी लगातार दो फिल्मों को A सर्टिफिकेट मिला है.
लेस्बियन रोमांस पर होगी स्टोरी?
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान होमी अडजानिया ने उन अफवाहों पर भी बात की, जिनमें कहा जा रहा था कि फिल्म में लेस्बियन रोमांस दिखाया गया है. होमी ने साफ किया कि ये सिर्फ एक मजाकिया चर्चा से शुरू हुई अफवाह थी. उन्होंने बताया कि सेट पर बातचीत के दौरान उन्होंने मजाक में सोचा था कि अगर कहानी दो लड़कियों के रिश्ते पर आधारित होती और शाहिद तीसरे व्यक्ति होते, तो वो ऐसी फिल्म बनाने में भी दिलचस्पी रखते. लेकिन इसका फिल्म की असली कहानी से कोई संबंध नहीं है.
कॉकटेल 2 एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी एक लव ट्रायंगल के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म में शाहिद कपूर का किरदार दो महिलाओं के बीच अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला लेते हुए नजर आएगा. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि दर्शकों को ये नई प्रेम कहानी कितनी पसंद आती है.