पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में हर किसी की नज़र चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर टिकी हैं. चुनावी सरगर्मियों के बीच प्रशांत किशोर ने सोमवार को आजतक से खास बात की. वायरल ऑडियो को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि उस ऑडियो में मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा, जो पब्लिक प्लेटफॉर्म ना कहा हो. प्रशांत किशोर ने फिर दावा किया कि बीजेपी बंगाल में 100 सीटों को पार नहीं कर पाएगी.
प्रशांत किशोर ने कहा कि वो ऑडियो कोई लीक नहीं था, बल्कि सबकुछ पब्लिक था. अपने प्रतिद्वंदी को कमजोर नहीं समझना चाहिए और ना ही मैं समझता हूं. जिस व्यक्ति से मेरा मुकाबला है, तो मैं हमेशा उसकी ताकत ज्यादा ही मानकर आगे बढ़ूंगा. पीएम मोदी लोकप्रिय हैं, इसलिए देश के पीएम हैं.
कोच बिहार की घटना पर प्रशांत किशोर ने क्या कहा?
आजतक से खास बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि ममता बनर्जी ने CRPF पर सीधे सवाल नहीं उठाए, बल्कि सरकार की ओर से जो निर्देश दिए जा रहे हैं वो गलत है. ममता बनर्जी ने इसलिए राज्यपाल के सामने अपील की. कोच बिहार को लेकर पीके ने कहा कि केंद्रीय फोर्स की गोली से पांच लोगों की जान चली गई है. ममता बनर्जी ने कोई भड़काऊ बयान नहीं दिया, ममता बनर्जी ने कहा कि अगर महिलाओं को वोट डालने में केंद्रीय फोर्स अड़चन डाल रही है, तो उनका घेराव कर लीजिए.
प्रशांत किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर ममता बनर्जी को वहां जाने का हक है. पटना में 2014 में रैली के दौरान कुछ लोगों की जान चली गई, अगले ही दिन पीएम मोदी गुजरात से उनसे मिलने आए थे. लेकिन वहां चुनाव आयोग ने वहां कोई एक्शन नहीं लिया, लेकिन अब ममता बनर्जी को कोच बिहार जाने से रोका जा रहा है. जबकि कोच बिहार में चुनाव खत्म हो चुका है.
कूच बिहार में हुई हिंसा पर ममता बनर्जी के बयान पर प्रशांत किशोर ने यह कहा, सुनिए | ,
— AajTak (@aajtak)
बता दें कि कोच बिहार में चौथे चरण के मतदान के बीच केंद्रीय सुरक्षाबलों और स्थानीय लोगों में झड़प हो गई थी, जिसके बाद सुरक्षाबलों की गोली से कुछ लोगों की मौत हो गई थी. चुनाव आयोग ने यहां मतदान रद्द किया था, ममता बनर्जी ने इसको लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था. जबकि बीजेपी ने ममता को घेरा था.
'40 फीसदी वोट के बाद भी 100 से कम पर सिमटेगी BJP'
वायरल ऑडियो पर प्रशांत किशोर ने कहा कि मुझसे सवाल किया गया कि बीजेपी को 40 फीसदी वोट आ रहा है, तो मैंने बताया कि वो वोट क्यों आ रहा है. बीजेपी को वोट मिलने का सबसे बड़ा कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं. मैं एक बार फिर कह रहा हूं कि टीएमसी फिर से सरकार बनाने जा रही है और बीजेपी 100 सीटों से कम पर रुक जाएगी.
ऑडियो पर पीके बोले कि SC समुदाय, मतुआ समुदाय बीजेपी को वोट कर रहा है, लेकिन उस मात्रा में नहीं कर रहा है जैसा लोकसभा चुनाव के दौरान मिला था. बीजेपी को जो 40 फीसदी वोट मिल रहा है, उसके कारण पीएम मोदी की लोकप्रियता, ध्रुवीकरण, हिन्दी भाषी में बीजेपी पकड़ और SC समुदाय का बीजेपी को वोट करना है. अगर बीजेपी 40 फीसदी वोट पा रही है, तो टीएमसी भी 45 फीसदी से अधिक वोट ले जा रही है.
'आम लोगों के साथ ममता का कनेक्ट शानदार'
प्रशांत किशोर ने कहा कि ममता बनर्जी का लोगों के साथ कनेक्ट बेहतरीन है, जो शायद कई नेताओं से काफी बेहतर है. अभिषेक बनर्जी को लेकर पीके ने कहा कि वो एक महत्वपूर्ण नेता हैं, लेकिन पार्टी की नेता, राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं. ऐसे में ये नहीं हो सकता है कि ममता बनर्जी बैठी रहें और पार्टी कोई और चला रहा हो.
क्या अभिषेक बनर्जी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप TMC के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है? सुनिए प्रशांत किशोर का जवाब | ,
— AajTak (@aajtak)
ममता बनर्जी के पैर में लगी चोट को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि ममता बनर्जी प्रचार के वक्त चोटिल हुईं, किसी ने उसे घटना बताया और किसी ने साजिश. चुनाव आयोग ने इस पूरे विवाद पर एक्शन भी लिया.
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में चार चरण का चुनाव हो चुका है. पांचवें चरण का मतदान 17 अप्रैल को होना है. प्रशांत किशोर इस बार तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति का जिम्मा संभाल रहे हैं. चुनाव शुरू होने से पहले उन्होंने दावा किया था कि अगर बीजेपी बंगाल में 100 से अधिक सीटें जीतती है, तो वो रणनीतिकार वाला काम छोड़ देंगे.