scorecardresearch
 

VIDEO: महिला प्रिंसिपल ने अभिभावक को जूतों से पीटा, TC को लेकर स्कूल में बवाल

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की महिला प्रिंसिपल द्वारा एक अभिभावक युवक को जूतों से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. बताया जा रहा है कि ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) बनवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया. मामले की जांच शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है.

Advertisement
X
कौशांबी के स्कूल में हाईवोल्टेज ड्रामा(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)
कौशांबी के स्कूल में हाईवोल्टेज ड्रामा(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

उत्तर प्रदेश के कौशांबी से सरकारी स्कूल के भीतर हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में एक महिला प्रिंसिपल स्कूल परिसर के अंदर एक युवक को जूतों से मारती हुई दिखाई दे रही हैं. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई है.

दरअसल, यह मामला ब्लॉक मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय 'टीका का पूरा' का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो करीब 34 सेकंड का है, जिसमें स्कूल परिसर के भीतर महिला प्रिंसिपल और एक युवक के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट की स्थिति बनती दिखाई देती है.

यह भी पढ़ें: सफर... पंचर और फिर चीख-पुकार! कौशांबी में हाईवे-19 पर अज्ञात वाहन का 'हिट एंड रन', दो सगे भाइयों समेत 4 की मौत

बताया जा रहा है कि अनुज नाम का युवक किसी बच्चे का अभिभावक है. वह अपने बच्चे का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) बनवाने के लिए स्कूल पहुंचा था. इसी दौरान दस्तावेजों को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.

आधार कार्ड को लेकर शुरू हुई कहासुनी

वायरल वीडियो में महिला प्रिंसिपल युवक से आधार कार्ड और बच्चों को स्कूल लाने की बात कहती हुई दिखाई देती हैं. वहीं युवक का कहना है कि वह पहले ही आधार कार्ड जमा कर चुका है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस तेज हो गई.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के दौरान युवक ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. आरोप है कि वीडियो रिकॉर्डिंग से नाराज महिला प्रिंसिपल ने युवक का मोबाइल छीन लिया और उसे जमीन पर फेंक दिया.

इसके बाद जब युवक अपना मोबाइल उठाने लगा तो दोनों के बीच धक्का-मुक्की हो गई. आरोप है कि इस दौरान महिला प्रिंसिपल अनीता देवी जमीन पर गिर गईं. इसके बाद वह उठीं और गुस्से में युवक की जूतों से पिटाई कर दी. इसी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

देखें वीडियो...

जांच में जुटा शिक्षा विभाग

घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कमलेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि वायरल वीडियो कौशांबी जिले के ब्लॉक मूरतगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय 'टीका का पूरा' का है, जो काजू ग्राम पंचायत के पास स्थित है.

उन्होंने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला प्रधानाध्यापक और एक बच्चे के अभिभावक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. शुरुआती जानकारी के अनुसार अभिभावक अपने बच्चे का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) लेने स्कूल पहुंचा था. इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गई.

Advertisement

बीएसए ने बताया कि मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से कराई जा रही है. दोनों पक्ष संबंधित थाने भी पहुंचे थे. फिलहाल जानकारी मिली है कि दोनों के बीच आपसी माफीनामे की बात चल रही है. हालांकि अभी विस्तृत जांच रिपोर्ट नहीं मिली है. रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement