ब्रिटेन के यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क में शनिवार को एक बेहद गंभीर घटना हुई. यहां एक शख्स टाइगर के बाड़े में चला गया, जिसके बाद एक अमूर टाइगर ने उस पर हमला कर दिया. हमले में शख्स गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पार्क को खाली करा दिया गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी.
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबितक, शनिवार 10 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:35 बजे उन्हें यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क में एक व्यक्ति के टाइगर के बाड़े में जाने की सूचना मिली.घटना की सूचना मिलते ही इमरजेंसी सर्विसेज मौके पर पहुंचीं. यॉर्कशायर एंबुलेंस सर्विस के मुताबिक, दो लैंड एंबुलेंस, यॉर्कशायर एयर एंबुलेंस और एक डॉक्टर को घटनास्थल पर भेजा गया था. लेकिन मेडिकल टीम की कोशिशों के बावजूद शख्स को बचाया नहीं जा सका और उसे घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया.
बाड़ें में क्यों कूदा शख्स
एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले शख्स टाइगर के बाड़े के पास मौजूद था. उसके कान में AirPods लगे थे और वह वहां घूम रहा था. इसके बाद उसने बाड़े की ओर लगे बैरियर को पार किया और अंदर चला गया. हालांकि, पुलिस ने अभी यह नहीं बताया है कि उसने बाड़े में जाने का फैसला क्यों किया.
वहीं, सामने आए एक अलग वीडियो में शख्स एक कपल से टाइगर के साथ अपनी फोटो लेने को कहता सुनाई देता है. महिला फोटो लेने के लिए तैयार होती है, जिसके बाद शख्स उससे “one more” कहता है. रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना से कुछ मिनट पहले का फुटेज है.
शख्स के बाड़े में उतरते ही टाइगर ने उस पर हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टाइगर ने उसे पंजों से दबोच लिया. शख्स मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. इमरजेंसी सर्विसेज के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, लेकिन फुटेज बेहद विचलित करने वाले हैं, इसलिए उन्हें यहां दिखाना उचित नहीं है.
हमले से पहले का वीडियो वायरल हो रहा है
बाड़े में कैसे पहुंचा शख्स?
अभी तक पुलिस ने यह नहीं बताया है कि शख्स ने बाड़े में जाने का फैसला क्यों किया था. हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उस समय का घटनाक्रम बताया है.
एक चश्मदीद के मुताबिक, लोगों ने एक युवक को टाइगर के बाड़े की ओर जाते और बैरियर पार करके अंदर जाते देखा. एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि घटना के बाद वहां मौजूद लोग काफी घबरा गए थे.
यह भी पढ़ें: रणथंभौर में सड़क पर सोया टाइगर, पीछे लगीं 30 सफारी जीप.. हो गया 'टाइगर ट्रेफिक जॉम'
घटना से पहले शख्स को बाड़े के आसपास घूमते हुए भी देखा गया था. उसके कान में हेडफोन लगे हुए थे. हालांकि, उसने बाड़े में जाने का फैसला क्यों किया, इसकी अभी आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है.
सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं. हालांकि, पुलिस ने लोगों से इन वीडियो को शेयर नहीं करने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि वह ऑनलाइन घूम रहे फुटेज से अवगत है और लोगों को इसे आगे शेयर करने से बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: कार आई और बाइक को उड़ा दी! हवा में उछला शख्स, CCTV में कैद हादसा
क्या टाइगर को भी कुछ हुआ?
घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह सवाल उठने लगा कि हमले में शामिल टाइगर का क्या होगा. पार्क ने स्पष्ट किया कि टाइगर अल्ताई सुरक्षित है और उसे मारा नहीं जाएगा. पार्क ने बताया कि घटना के बाद कई लोगों ने टाइगर के बारे में चिंता जताई थी, लेकिन वह सुरक्षित और ठीक है. घटना के दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारियों पर भी इसका गहरा असर पड़ा है. पार्क ने कहा कि प्रभावित कर्मचारियों को विशेषज्ञ सहायता दी जाएगी.
अब पुलिस की जांच में क्या सामने आएगा?
फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि शख्स सुरक्षित विजिटर एरिया से निकलकर टाइगर के बाड़े के अंदर कैसे पहुंचा और उसने वहां जाने का फैसला क्यों किया.