WhatsApp का इस्तेमाल आज लगभग हर कोई करता है. दोस्तों से बात करनी हो या फिर ऑफिस का काम, हर जगह इस ऐप की जरूरत पड़ती है. लेकिन क्या हो अगर वॉट्सऐप पर आया एक मैसेज आपकी मेहनत की कमाई पर खतरा बन जाए?
हैदराबाद पुलिस ने ऐसे ही एक नए साइबर स्कैम को लेकर लोगों को अलर्ट किया है. इसमें ठग बैंक अकाउंट से पैसे कटने का फर्जी मैसेज भेजते हैं और फिर जवाब में 'NO' लिखने के लिए कहते हैं. आइए जानते हैं, कैसे काम करता है ये ट्रिक!
कैसे काम करता है ये WhatsApp स्कैम?
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने इस नए साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों को अलर्ट किया है. उनके मुताबिक, साइबर ठग सबसे पहले अनजान नंबर से वॉट्सऐप पर मैसेज भेजते हैं. इसमें दावा किया जाता है कि आपके बैंक अकाउंट से कोई ट्रांजैक्शन हुआ है और पैसे कट गए हैं.
यह भी पढ़ें: ₹39,900 का Apple HomeView लॉन्च, अब AI संभालेगा आपका घर! जानें क्या करेगा ये गैजेट
इसके बाद ठग दूसरा मैसेज भेजकर कहते हैं कि अगर आपने यह ट्रांजैक्शन नहीं किया है, तो तुरंत 'NO' लिखकर जवाब दें. ऐसे मैसेज देखकर कोई भी घबरा सकता है. लोगों को लगता है कि उनके बैंक अकाउंट से सच में पैसे कट गए हैं. इसी घबराहट में वे बिना सोचे-समझे मैसेज का जवाब दे देते हैं.
पुलिस कमिश्नर ने इस तरह के साइबर अटैक को ऑटो-एक्जीक्यूशन फाइल अटैक बताया है. उन्होंने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के मामले का भी जिक्र किया, जिसे इस तरह की ठगी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ. इसलिए किसी अनजान मैसेज को हल्के में लेना सही नहीं है.
यह भी पढ़ें: 15 हजार से सस्ते फोन, मिलेगी 6000mAh बैटरी, 50MP कैमरा और 5G की स्पीड
बचने के लिए क्या करें?
सबसे जरूरी बात यह है कि अनजान नंबर से बैंक ट्रांजैक्शन को लेकर कोई मैसेज आए, तो घबराकर 'YES' या 'NO' में जवाब न दें. सबसे पहले अपने बैंक के ऑफिशियल ऐप या नेट बैंकिंग में जाकर चेक करें कि आपके अकाउंट से सच में पैसे कटे हैं या नहीं.
अगर मैसेज संदिग्ध लगे, तो उस नंबर को ब्लॉक करें. किसी भी अनजान फाइल को डाउनलोड न करें और न ही मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करें. बैंक से जुड़ी जानकारी के लिए हमेशा उसके ऑफिशियल कस्टमर केयर नंबर का ही इस्तेमाल करें.
अगर आपके साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है, तो बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें. याद रखें, WhatsApp पर आया हर मैसेज सच नहीं होता. इसलिए अगली बार बैंक अकाउंट से पैसे कटने का अलर्ट मिले, तो तुरंत जवाब देने के बजाय पहले उसकी जांच जरूर करें.