scorecardresearch
 

Jodhpur Famous Jalebi Recipe: जोधपुर की कुरकुरी और पतली जलेबी बनाएं घर पर, इसका क्रिस्पी स्वाद सबको आएगा पसंद

Jodhpur Famous Jalebi Recipe: जलेबी तो आपने कई बार खाई होगी लेकिन क्या आपने कभी जोधपुर की मशहूर बड़ी और कुरकुरी जलेबी का स्वाद चखा है. देसी घी में तली और चाशनी में डूबी जलेबी खाने में बेहद टेस्टी लगती है. आज हम आपको इस जबेली को बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.

Advertisement
X
कुरकुरी, पतली और रसीली जलेबी रेसिपी (Photo- ITG)
कुरकुरी, पतली और रसीली जलेबी रेसिपी (Photo- ITG)

Jodhpur Famous Jalebi Recipe: जलेबी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. गरमागरम, मीठी और कुरकुरी जलेबी खाने का मजा ही अलग होता है. आपने बाजार में कई तरह की जलेबी खाई होगी लेकिन राजस्थान के जोधपुर की मशहूर जलेबी का स्वाद बेहद खास है. यहां का मोटूजी जलेबीवाला की दुकान लगभग 125 साल पुरानी बताई जाती है, जहां चार पीढ़ियों से जलेबी बनाने का काम किया जा रहा है. यहां की जलेबी अपने बड़े आकार, कुरकुरेपन और चाशनी से भरे स्वाद के लिए जानी जाती है.

इसे पारंपरिक तरीके से तैयार किया जाता है और देसी घी में तलने से इसका स्वाद और भी खास हो जाता है. अगर आपको भी ऐसी ही जलेबी खाने का मन कर रहा है तो इसके लिए आपको जोधपुर जाने की जरूरत नहीं है. आज हम जोधपुर स्टाइल की कुरकुरी जलेबी   घर पर बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिससे आप इस मिठाई का स्वाद घर पर ही ले सकते हैं.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

जलेबी का घोल बनाने के लिए

250 ग्राम मैदा

2 बड़े चम्मच बिना छिलके वाली उड़द दाल

2 बड़े चम्मच खट्टा दही

जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी

1 छोटा चम्मच केसर

तलने के लिए शुद्ध देसी घी

चाशनी बनाने के लिए

500 ग्राम चीनी

1 बड़ा कप या कटोरी पानी

1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

4-5 बूंदें नींबू का रस

Advertisement

जरूरत के अनुसार केसर

जोधपुर की मशहूर जलेबी घर पर कैसे बनाएं?

  1. सबसे पहले उड़द दाल को रातभर पानी में भिगो दें. अगले दिन इसका पानी निकालकर दाल को बारीक पीस लें. अब एक बड़े बर्तन में मैदा, पिसी हुई उड़द दाल और खट्टा दही डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल में गांठें न रहें.
  2. अब बर्तन को ढककर 12 से 15 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें, ताकि घोल में खमीर उठ सके. जलेबी बनाने से पहले घोल को अच्छी तरह फेंट लें और इसमें केसर का पानी मिला दें.
  3. चाशनी बनाने के लिए एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. चीनी घुलने के बाद इसमें इलायची पाउडर और केसर डाल दें. चाशनी को तब तक पकाएं, जब तक वह हल्की चिपचिपी न हो जाए.
  4. आखिर में नींबू के रस की कुछ बूंदें डालकर गैस बंद कर दें. चाशनी को गुनगुना रखें, ताकि इसमें जलेबी आसानी से डुबोई जा सके.
  5. अब जलेबी बनाने वाले कपड़े या जलेबी मेकर बोतल में घोल भर लें. एक चौड़ी और उथली कड़ाही में देसी घी गर्म करें.
  6. घोल को घुमाते हुए गोल-गोल डालकर जलेबी का आकार दें. जोधपुर स्टाइल में जलेबी का आकार बड़ा रखा जाता है. जलेबी को धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
  7. जलेबी तलने के बाद उसे तुरंत गुनगुनी चाशनी में डाल दें. लगभग 30 से 40 सेकंड तक चाशनी में रखने के बाद बाहर निकाल लें. ध्यान रखें कि जलेबी को ज्यादा देर चाशनी में न छोड़ें, वरना उसका कुरकुरापन कम हो सकता है. तैयार जलेबी को गरमा-गरम परोसें.
  8. जोधपुर में इस तरह की कुरकुरी जलेबी को गर्म दूध के साथ भी खाया जाता है. आप चाहें तो घर पर भी इसे दूध के साथ परोसकर इसके स्वाद का आनंद ले सकते हैं.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement