scorecardresearch
 

₹39,900 का Apple HomeView लॉन्च, अब AI संभालेगा आपका घर! जानें क्या करेगा ये गैजेट

ऐपल ने HomeView लॉन्च किया है. ये AI बेस्ड स्मार्ट डिस्प्ले है जिसमें इनबिल्ट स्पीकर है. अगर आपने Amazon Echo डिवाइसेज यूज किए हैं तो ये देखने में कमोबेश वैसा ही है. आइए जानते हैं ऐपल ने इसमें क्या क्या दिया है.

Advertisement
X
Apple HomeView
Apple HomeView

ऐपल ने ऐसा गैजेट लॉन्च किया है, जो आपके घर में सिर्फ सजावट की चीज नहीं होगा. यह परिवार के लोगों को पहचान सकेगा, वीडियो कॉल कर सकेगा, म्यूजिक चलाएगा और घर की लाइट, कैमरे और स्मार्ट लॉक जैसे डिवाइस को कंट्रोल करने में मदद करेगा. कंपनी ने अपने 'Welcome Home' इवेंट में HomeView नाम का नया स्मार्ट होम डिस्प्ले पेश किया है. इसकी कीमत भारत में ₹39,900 रखी गई है.

अब तक ऐपल की चर्चा आईफोन, मैकबुक और ऐपल वॉच जैसे डिवाइस के लिए होती रही है, लेकिन HomeView के साथ कंपनी का ध्यान घर के अंदर इस्तेमाल होने वाले गैजेट्स पर है. इसकी खास बात यह है कि यह सिर्फ एक स्क्रीन नहीं, बल्कि घर के लिए एक साझा कंट्रोल सेंटर बनने की कोशिश करता है. 

क्या है Apple HomeView और यह कैसे काम करेगा?

Apple HomeView में 7 इंच की Liquid Retina टचस्क्रीन दी गई है. इसे टेबल या किचन काउंटर पर रखा जा सकता है. कंपनी ने इसका एक दीवार पर लगाने वाला मॉडल भी पेश किया है, जिसे घर के प्रवेश द्वार या गलियारे जैसी जगहों पर लगाया जा सकता है.

इस डिवाइस का मकसद घर के अलग-अलग कामों को एक जगह लाना है. उदाहरण के लिए, आप इससे घर की लाइट कंट्रोल कर सकते हैं, स्मार्ट कैमरों की लाइव फीड देख सकते हैं, म्यूजिक चला सकते हैं और वीडियो कॉल कर सकते हैं. किचन में खाना बनाते समय रेसिपी देखने या घर के कैलेंडर और रिमाइंडर तक पहुंचने में भी यह काम आ सकता है.

Advertisement

यानी हर छोटे काम के लिए फोन उठाने या अलग-अलग ऐप खोलने की जरूरत कम हो सकती है. हालांकि, इसका पूरा फायदा तभी मिलेगा जब आपके घर में इस्तेमाल होने वाले स्मार्ट डिवाइस इसके साथ काम करें.

चेहरा पहचानकर परिवार के हर सदस्य को देगा अलग एक्सपीरिएंस

HomeView का एक अहम फीचर चेहरा पहचानने की सुविधा है. यह घर के अलग-अलग सदस्यों को पहचानकर उनके हिसाब से स्क्रीन पर जानकारी दिखा सकता है. मसलन, किसी सदस्य के सामने आने पर उसके कैलेंडर, रिमाइंडर और निजी जानकारी तक पहुंच आसान हो सकती है.

यहां ऐपल की प्राइवेसी पर खास नजर रहेगी. कंपनी का कहना है कि डिवाइस को परिवार के साझा इस्तेमाल के लिए बनाया गया है, लेकिन हर व्यक्ति की निजी जानकारी को अलग रखने की कोशिश की गई है. घर में एक ही स्क्रीन का इस्तेमाल कई लोग कर सकते हैं, इसलिए यह सुविधा उपयोगी हो सकती है.

हालांकि, चेहरा पहचानने और निजी जानकारी दिखाने वाले फीचर को इस्तेमाल करने से पहले यूजर्स को इसकी सेटिंग्स और प्राइवेसी विकल्प समझने चाहिए. घर में कैमरा लगा डिवाइस रखने को लेकर हर परिवार की सहजता अलग हो सकती है.

Siri AI का बड़ा रोल

HomeView की सबसे बड़ा टेस्ट इसकी Siri AI होगी. ऐपल लंबे समय से अपने वॉइस असिस्टेंट को ज्यादा यूजफुल बनाने पर काम कर रहा है. अब कंपनी चाहती है कि यूजर सिर्फ एक सवाल का जवाब लेने के बजाय आवाज से कई काम करवा सकें.

Advertisement

मसलन, यूजर Siri से लाइट बंद करने, कमरे का तापमान बदलने या म्यूजिक चलाने के लिए कह सकता है. डिवाइस के जरिए घर से जुड़ी जानकारी और दूसरे स्मार्ट होम कंट्रोल भी इस्तेमाल किए जा सकेंगे. Siri की मदद से रोजमर्रा के कामों को आसान बनाना इस प्रोडक्ट की मुख्य वजह है.

लेकिन सिर्फ AI का नाम होने से कोई डिवाइस उपयोगी नहीं बन जाता. Siri यूजर की बात कितनी सही समझती है, अलग-अलग निर्देशों को कैसे पूरा करती है और दूसरे ब्रांड के डिवाइस के साथ कितना अच्छा काम करती है, यही इसकी असली परीक्षा होगी.

FaceTime कॉल और घर के कामों में भी आएगा काम

HomeView में वीडियो कॉल के लिए कैमरा दिया गया है. इसमें Centre Stage तकनीक भी है, जो कॉल के दौरान व्यक्ति की स्थिति के हिसाब से कैमरे का फ्रेम बदल सकती है. अगर कोई व्यक्ति कॉल के दौरान इधर-उधर चलता है, तो कैमरा उसे फ्रेम में बनाए रखने की कोशिश करता है. एक से ज्यादा लोग कॉल में शामिल हों, तो फ्रेम को उनके हिसाब से बदला जा सकता है.

यह सुविधा उन लोगों के लिए काम की हो सकती है जो घर से काम करते हैं या परिवार के सदस्यों से वीडियो कॉल पर बात करते हैं. किचन में रेसिपी देखना, म्यूजिक सुनना और परिवार का कैलेंडर देखना भी इसके इस्तेमाल का हिस्सा है.

Advertisement

फिर भी इसे आईपैड का सीधा विकल्प नहीं समझना चाहिए. HomeView का फोकस एक जगह रखकर घर के कामों को आसान बनाना है. यह सामान्य टैबलेट की तरह हर तरह के ऐप चलाने के लिए नहीं बनाया गया है.

₹39,900 कीमत, भारत में कब मिलेगा?

भारत में Apple HomeView की कीमत ₹39,900 है. इसके प्री-ऑर्डर 13 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं और बिक्री 13 नवंबर से शुरू होगी. यह सिल्वर, स्टारलाइट, रोज पिंक और स्पेस ग्रे रंगों में उपलब्ध होगा. दीवार पर लगाने वाला मॉडल भी पेश किया गया है.

इस कीमत पर HomeView हर किसी के लिए जरूरी खरीद नहीं है. अगर आपके घर में पहले से स्मार्ट लाइट, कैमरे, लॉक और दूसरे कनेक्टेड डिवाइस नहीं हैं, तो इसकी उपयोगिता सीमित रह सकती है. वहीं, अगर आप पहले से ऐपल के डिवाइस इस्तेमाल करते हैं और घर को स्मार्ट बनाना चाहते हैं, तो यह आपके लिए ज्यादा उपयोगी हो सकता है.

HomePod mini 2 और नया Apple TV 4K भी पेश

ऐपल ने HomeView के साथ HomePod mini 2 और चौथी पीढ़ी का Apple TV 4K भी पेश किया है. कंपनी इन डिवाइस के जरिए घर में मनोरंजन और स्मार्ट होम कंट्रोल को एक साथ जोड़ना चाहती है.

HomePod mini 2 ऐपल का नया स्मार्ट स्पीकर है. इसमें बेहतर ऑडियो एक्सपीरिएंस और नए Siri AI फीचर्स पर जोर दिया गया है. हालांकि, Siri AI से जुड़े कुछ फीचर सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए बाद में उपलब्ध हो सकते हैं.

Advertisement

नए Apple TV 4K में A19 चिप दी गई है. इसमें दूर से आवाज पहचानने वाले माइक्रोफोन भी हैं, जिससे यूजर रिमोट उठाए बिना Siri से बात कर सकते हैं. टीवी पर चल रहे शो या फिल्म के बारे में सवाल पूछना और आवाज से कंट्रोल करना इसके इस्तेमाल को आसान बना सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement