scorecardresearch
 

एक और हार छीन लेगी बादशाहत! टीम इंडिया की नंबर-1 कुर्सी पर इंग्लैंड की नजर

इंग्लैंड के सामने भारत को 4-0 से हराकर दुनिया की नंबर-1 टीम बनने का मौका है. वहीं टीम इंडिया के लिए दांव पर बहुत कुछ लगा है. श्रेयस अय्यर की टीम को न सिर्फ लगातार हार के सिलसिले को तोड़ना होगा, बल्कि अपनी नंबर-1 की कुर्सी भी बचानी होगी.

Advertisement
X
भारतीय टीम लगातार दो टी20 सीरीज हार चुकी है. (Photo: BCCI)
भारतीय टीम लगातार दो टी20 सीरीज हार चुकी है. (Photo: BCCI)

इंग्लैंड के खिलाफ टी20I सीरीज में टीम इंडिया की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं. पहले सीरीज हाथ से निकल गई और अब आईसीसी की टी20 रैंकिंग में भारत की नंबर-1 की कुर्सी खतरे में पड़ गई है. ब्रिस्टल में खेले गए चौथे टी20I मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली थी. अब इंग्लैंड की नजरें 11 जुलाई को साउथम्प्टन में होने वाले आखिरी मुकाबले पर है. इंग्लैंड अगर यह मैच जीत लेता है तो भारत को पीछे छोड़कर दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम बन जाएगा. ऐसे में सीरीज का आखिरी मैच टीम इंडिया के लिए सिर्फ सम्मान बचाने की लड़ाई नहीं, बल्कि नंबर-1 की कुर्सी बचाने की जंग भी बन चुका है.

भारतीय टीम पिछले कुछ समय से बेहद खराब दौर से गुजर रही है. टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया को पहले आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद इंग्लैंड पहुंची भारतीय टीम से वापसी की उम्मीद थी, लेकिन यहां भी कहानी नहीं बदली. पांच मैचों की सीरीज में इंग्लैंड ने तीन मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा.

ब्रिस्टल में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन बनाए. कप्तान श्रेयस अय्यर ने 49 गेंदों पर नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन दूसरे बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके. 159 रनों का लक्ष्य इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए बेहद आसान साबित हुआ. शुरुआती विकेट गिरने के बाद कप्तान हैरी ब्रूक और फिल साल्ट ने भारतीय गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी की. ब्रूक ने नाबाद 79 और साल्ट ने नाबाद 59 रन बनाए. इंग्लैंड ने 37 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया.

Advertisement

ब्रूक की निगाहें आखिरी मैच में भी जीत पर
सीरीज जीतने के बावजूद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक की भूख खत्म नहीं हुई है. अब उनकी नजरें दुनिया की नंबर-1 टी20I टीम बनने पर है. मैच के बाद ब्रूक ने कहा, 'अगर सच कहूं तो भारत को 4-0 से हराकर सीरीज जीतना बेहद खास होगा. दुनिया की नंबर-1 टीम बनना उससे भी बेहतर होगा. यही हमारा मुख्य लक्ष्य है. हम मैदान पर उतरकर उन्हें एक बार फिर बड़े अंतर से हराने की कोशिश करेंगे. हमें बताया गया है कि अगर हम अगला मैच जीतते हैं तो दुनिया की नंबर-1 टीम बन जाएंगे. निश्चित रूप से हमारी नजरें इस उपलब्धि पर है.'

इंग्लिश कप्तान ने भारतीय टीम की मौजूदा खराब फॉर्म पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'भारत एक मजबूत टीम है. शायद इस सीरीज में उन्होंने उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, जितना पिछले कुछ वर्षों में करते आए हैं. लेकिन हमने जिस तरह अपनी योजनाओं को मैदान पर लागू किया है, उससे हम बेहद खुश हैं.'

कुछ महीने पहले तक भारतीय टीम टी20 क्रिकेट की दुनिया पर राज कर रही थी. टीम ने टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता, आईसीसी रैंकिंग में भी नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा जमाया. लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर लगातार खराब प्रदर्शन ने पूरी तस्वीर बदल दी है. अब हालात ऐसे हैं कि एक और हार भारत से दुनिया की नंबर-1 टीम का ताज छीन लेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement