इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने शानदार वापसी करते हुए लगातार चार मुकाबले जीत लिए हैं. एक समय ऐसा लग रहा था कि कोलकाता नाइट राइडर्स का सीजन खत्म होने की कगार पर पहुंच चुका है. टीम जीत के लिए तरस रही थी, अंक तालिका में नीचे फंसी हुई थी और प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म मानी जा रही थीं. लेकिन अब अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर ने ऐसा पलटवार किया है कि अब प्लेऑफ का सपना फिर से जिंदा हो गया है.
शुक्रवार (8 मई) रात कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 विकेट से हराया. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सिर्फ 14.2 ओवर्स में 143 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. यानी मैच 34 गेंद बाकी रहते खत्म हो गया.
इस जीत ने कोलकाता नाइट राइडर्स के ड्रेसिंग रूम का माहौल पूरी तरह बदल दिया है. लगातार चार जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स अब 10 मैचों में 9 अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है. टीम फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से सिर्फ 1 अंक पीछे है और प्लेऑफ की रेस में मजबूती से वापस आ चुकी है.
प्लेऑफ में कैसे पहुंचेगी KKR?
आईपीएल के पिछले सीजनों का रिकॉर्ड देखें तो 16 या उससे ज्यादा अंक आमतौर पर प्लेऑफ में पहुंचने के लिए काफी रहे हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के अभी 9 अंक हैं और टीम के 4 मुकाबले बाकी हैं. अगर कोलकाता नाइट राइडर्स अपने अगले चारों मैच जीत लेती है, तो उसके 17 अंक हो जाएंगे और टीम बिना नेट रनरेट की चिंता किए सीधे प्लेऑफ में पहुंच सकती है. हालांकि एक हार भी टीम को मुश्किल में डाल सकती है, क्योंकि फिर नेट रनरेट का खेल शुरू हो जाएगा.
यह भी पढ़ें: 10 छक्के, 5 चौके... फिन एलन की आंधी में उड़े दिल्ली कैपिटल्स के तोते
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती अब उनका शेड्यूल है. टीम के अगले मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटन्स (GT), मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैं. इनमें आरसीबी और गुजरात टाइटंस पॉइंट्स टेबल में कोलकाता नाइट राइडर्स से ऊपर हैं, जबकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है. इस सीजन में भी वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को पराजित किया था.
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में सबसे बड़े हीरो फिन एलन रहे. उन्होंने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाकर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया. कैमरन ग्रीन के साथ उनकी नाबाद 116 रनों की साझेदारी ने दिल्ली की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया.
एक समय ऐसा लग रहा था कि दिल्ली कैपिटल्स आसानी से 180+ स्कोर बना देगी. लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में मैच का रुख बदल दिया. वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन और अनुकूल रॉय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दिल्ली को 142/8 के स्कोर पर ही रोक दिया.