scorecardresearch
 

10 छक्के, 5 चौके... फ‍िन एलन की आंधी में उड़े द‍िल्ली कैप‍िटल्स के तोते, क्या अब KKR खेल पाएगी प्लेऑफ? देखें समीकरण

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 विकेट से हराकर IPL 2026 प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं. KKR के स्पिनर्स ने दिल्ली को 142/8 पर रोक दिया, जबकि फिन एलन ने 47 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोककर मैच एकतरफा बना दिया. दिल्ली की यह 11 मैचों में सातवीं हार रही, जिससे उसकी प्लेऑफ राह लगभग खत्म हो गई.

Advertisement
X
स्पिन का जाल, फ‍िन एलन का तूफान, DC का खेल खत्म!
स्पिन का जाल, फ‍िन एलन का तूफान, DC का खेल खत्म!

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने IPL 2026 में अपनी प्लेऑफ उम्मीदों को जिंदा रखा है. KKR ने शुक्रवार को द‍िल्ली कैपिटल्स (DC) को उसके घरेलू मैदान पर 8 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की. इस जीत के हीरो रहे KKR के स्पिनर्स और न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन रहे, जिन्होंने तूफानी शतक जड़कर मैच पूरी तरह एकतरफा बना दिया.

पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ठीक रही. पथुम निसका और केएल राहुल ने संभलकर रन जोड़े. निसांका शुरुआत से आक्रामक दिखे और उन्होंने पावरप्ले में कुछ शानदार शॉट लगाए. श्रीलंकाई बल्लेबाज ने 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि राहुल ने 23 रन बनाए.

हालांकि, पावरप्ले खत्म होते ही KKR के स्पिनर्स ने मैच पर पूरी पकड़ बना ली. अनुकूल रॉय, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की तिकड़ी ने दिल्ली के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया. वरुण ने लगातार कसी हुई गेंदबाजी कर रनगति पर ब्रेक लगाया, जबकि नरेन ने समीर रिजवी को आउट कर दबाव और बढ़ा दिया.

इसके बाद अनुकूल रॉय ने एक ही ओवर में मैच पलट दिया. पहले उन्होंने अर्धशतक पूरा कर चुके निसंका को स्टंप आउट कराया, फिर ट्रिस्टन स्टब्स को भी पवेलियन भेज दिया. दिल्ली की टीम मिडिल ओवर्स में पूरी तरह बिखर गई और लगातार विकेट गंवाती चली गई.
अगर आखिर में आशुतोष शर्मा 28 गेंदों में 39 रन की तेज पारी नहीं खेलते तो दिल्ली 100 रन तक पहुंचने के लिए भी संघर्ष करती. आशुतोष ने तीन चौके और तीन छक्के लगाए और टीम को 142/8 तक पहुंचाया.

KKR की ओर से अनुकूल रॉय ने 2 विकेट लिए, जबकि नरेन और तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने भी अहम सफलताएं हासिल कीं. वैभव अरोड़ा और कैमरून ग्रीन ने भी किफायती गेंदबाजी की.

क्या केकेआर अब खेल सकती है प्लेऑफ?
कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर प्लेऑफ की रेस रोमांचक कर दी है. KKR अब 10 मैचों में 9 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है और टीम की उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं. लगातार चार जीत ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है, लेकिन आगे की राह बेहद मुश्किल रहने वाली है.

Advertisement

कैसा रहा केकेआर का रनचेज 
143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR को शुरुआत में दो झटके जरूर लगे. अजिंक्य रहाणे रन आउट हुए, जबकि अंगकृष रघुवंशी दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए. लेकिन इसके बाद फिन एलन ने दिल्ली के गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि मैच जल्दी खत्म हो गया.
एलन ने मैदान के हर कोने में छक्के बरसाए. उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने दिल्ली के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. KKR ने लक्ष्य सिर्फ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया.

KKR के अभी चार मुकाबले बाकी हैं, जो RCB, गुजरात टाइटन्स, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने हैं. टीम अधिकतम 17 अंकों तक पहुंच सकती है. प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए KKR को कम से कम अपने बाकी चार में से तीन मैच जीतने होंगे. इसके साथ ही टीम को नेट रनरेट में सुधार बनाए रखना होगा और टॉप-4 टीमों की हार की भी उम्मीद करनी पड़ेगी.

Advertisement

KKR के लिए अच्छी बात यह है कि टीम की बल्लेबाजी अब पहले से ज्यादा मजबूत नजर आ रही है. फिन एलन जैसे बल्लेबाज के फॉर्म में आने से टॉप ऑर्डर को नई ताकत मिली है, जबकि स्पिन विभाग लगातार मैच जिताने का काम कर रहा है. हालांकि, एक और हार टीम के लिए लगभग रास्ता बंद कर सकती है.

दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति बेहद खराब हो गई है. 11 मैचों में सात हार के बाद टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर मानी जा रही है. अब DC को सिर्फ अपने बाकी मैच जीतने ही नहीं होंगे, बल्कि दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा.

24 मई को होने वाला KKR और DC का अगला मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा हो सकता है. IPL 2026 का लीग चरण अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां हर जीत, हर रन और नेट रनरेट प्लेऑफ की तस्वीर बदल सकता है.

इस जीत के साथ टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की 11 मैचों में सातवीं हार ने उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement